Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

महाराष्ट्र में MVA Alliance में बनी सहमति, 85-85 सीटों पर लड़ेंगी तीन पार्टियां; सपा को भी मिलेगा हिस्सा

0 108

MVA Alliance: महाराष्ट्र में MVA गठबंधन में सहमति बन गई है। कांग्रेस सहित तीन दल 85-85 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। सपा को भी गठबंधन में हिस्सा मिलेगा।

समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने हाल ही में कहा था कि उनकी पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में विपक्षी महा विकास आघाड़ी (MVA) से 12 सीटें मांगी हैं।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने बुधवार को बताया कि MVA के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति बन चुकी है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में MVA के सहयोगी दल कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार गुट) और शिवसेना (यूबीटी) 85-85 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि 288 विधानसभा सीटों में से 270 सीटों पर सहमति बन गई है।

राउत ने बताया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा को भी कुछ सीटें दी जाएंगी। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार गुट) और शिवसेना (यूबीटी) 85-85 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। बाकी 18 सीटों पर सपा और अन्य छोटे दलों से बातचीत की जाएगी। पटोले ने कहा, “हम महा विकास आघाड़ी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं और सरकार बनाएंगे।”

बाकी बची 33 सीटों के बारे में शिवसेना के अनिल देसाई ने कहा कि “85-85-85 सीटों पर सहमति बनी है, और बाकी बची सीटें छोटे मित्र दलों को दी जाएंगी।”

संजय राउत ने कहा, “हम समाजवादी पार्टी, पीडब्ल्यूपी, माकपा, भाकपा और ‘आप’ को भी शामिल करेंगे। शेष सीटों पर अभी चर्चा चल रही है, लेकिन 270 सीटों पर सहमति बन गई है। MVA एकजुट होकर महायुति सरकार को हराने के लिए तैयार है।”

अखिलेश यादव ने कहा था कि उनकी पार्टी ने 12 सीटों की मांग की है और सपा ने उन सीटों का विवरण भी साझा किया है, जहां उनकी स्थिति मजबूत है। उन्होंने यह भी बताया कि सपा पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) ने बुधवार शाम महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 65 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें आदित्य ठाकरे को मुंबई के वर्ली विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है, और युवा सेना नेता वरुण सरदेसाई बांद्रा (पूर्व) से चुनाव लड़ेंगे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होंगे और मतगणना 23 नवंबर को होगी।

Leave a comment