Sen your news articles to publish at [email protected]
जगदीशपुर में कॉमरेड S D बोस को श्रद्धांजलि, नेताओं ने शोषणमुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
जगदीशपुर, 19 मार्च 2026:
सीपीआई (एमएल) के पूर्व प्रांतीय कमिटी सचिव एवं लंबे समय तक केंद्रीय कमिटी के सदस्य रहे कॉमरेड एस.डी. बोस की स्मृति में जगदीशपुर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता नागेंद्र प्रसाद ने की, जबकि संचालन जिला कमिटी के सचिव सुरेन्द्र प्रसाद ने किया।
कॉमरेड एस.डी. बोस की तस्वीर पर माल्यार्पण
कार्यक्रम की शुरुआत कॉमरेड एस.डी. बोस की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ हुई। सबसे पहले पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अरविन्द सिन्हा ने पुष्पांजलि अर्पित की, जिसके बाद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी गई।
एस.डी. बोस के योगदान
सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न नेताओं ने कॉमरेड एस.डी. बोस के योगदान को याद किया। प्रमुख वक्ताओं में अरविन्द सिन्हा, प्रांतीय सचिव नन्द किशोर सिंह, अशोक बैठा, त्रिभुवन राय, उदय चौधरी, रविन्द्र कुमार रवि, प्रभु राज नारायण राव, सुभाष सहनी और बाबूलाल चौरसिया शामिल रहे।
सभा की शुरुआत में सुरेन्द्र प्रसाद ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। वहीं अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद ने पश्चिम चंपारण के किसान आंदोलनों का जिक्र करते हुए कॉमरेड बोस की भूमिका को विस्तार से रेखांकित किया। उन्होंने उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
देश वर्तमान में गंभीर सामाजिक-आर्थिक संकट से गुजर रहा
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि देश वर्तमान में गंभीर सामाजिक-आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि साम्राज्यवादी नीतियों, कॉरपोरेट व बड़ी पूंजी के शोषण और अर्ध-सामंती ढांचे के कारण आम जनता परेशान है।
नेताओं ने जोर देकर कहा कि इस स्थिति से मुक्ति के लिए मजदूरों, किसानों और शोषित वर्गों को एकजुट करना जरूरी है। साथ ही सभी कम्युनिस्ट और प्रगतिशील ताकतों को एक व्यापक संयुक्त मोर्चे के रूप में संगठित करने की आवश्यकता बताई गई।
सभा के अंत में वक्ताओं ने कहा कि एक शोषणविहीन, जनवादी और समाजवादी समाज की स्थापना के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाना ही कॉमरेड एस.डी. बोस के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसे भी पढ़ें – Akhilesh Yadav के छोटे भाई Prateek Yadav के शादी का रिश्ता तालाक तक पहुंचा, पत्नी को “मतलबी महिला” बताया
