Sen your news articles to publish at [email protected]
मच्छरों से परेशान Patna वालों के लिए राहत: नगर निगम ने जारी किया Complaint Number, तुरंत होगा Action!
राजधानी पटना (Patna) में मच्छरों की समस्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे लगभग 30 लाख लोग प्रभावित हो रहे हैं। नगर निगम ने फागिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव के अभियान को बढ़ाने का आश्वासन दिया है। हालांकि, राजधानी के निवासी इस समस्या से आजिज आ चुके हैं और कहते हैं कि मच्छरों ने दिन में भी उन्हें चैन से बैठने नहीं दिया।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने जानकारी दी कि विभिन्न क्षेत्रों में मच्छरों की बढ़ती समस्या के संदर्भ में फागिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव का कार्य किया जा रहा है। यदि किसी को छिड़काव संबंधी कोई शिकायत या सुझाव हो, तो वे हेल्पलाइन नंबर 155304 या व्हाट्सएप चैटबॉट 9264447449 के माध्यम से अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। संबंधित टीम 24 घंटे के भीतर आपसे संपर्क करेगी।
व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से कुल 80 शिकायतें
व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से कुल 80 शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें से 78 मामलों में संबंधित नागरिकों से संपर्क करके फागिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव का कार्य पूरा कर दिया गया है। जनवरी में सात, फरवरी में 27, और मार्च में सबसे ज्यादा 46 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
शिकायतों का वितरण अंचल के अनुसार किया जाए तो अजीमाबाद से छह, बांकीपुर से एक, कंकड़बाग से 24, नूतन राजधानी से 11 और पाटलिपुत्र अंचल से सबसे अधिक 38 शिकायतें आई हैं। हालांकि, पटना सिटी अंचल से इस अवधि के दौरान कोई शिकायत नहीं मिली। कंकड़बाग और शास्त्रीनगर जैसे क्षेत्रों में खुले नालों और खाली प्लॉट की प्रचुरता के कारण स्थिति अधिक गंभीर नजर आ रही है।
75 वार्डों में विशेष अभियान के तहत दो शिफ्ट में फागिंग
नगर निगम के अनुसार, सभी 75 वार्डों में विशेष अभियान के तहत दो शिफ्ट में फागिंग और एंटी-लार्वा स्प्रे का कार्य किया जा रहा है। हर वार्ड को एक फागिंग मशीन से लैस वाहन प्रदान किया गया है। इसके अलावा, हर वार्ड में दो हैंड फागिंग मशीनें भी दी गई हैं, ताकि गलियों और घनी बस्तियों में प्रभावी रूप से छिड़काव किया जा सके। सभी छह अंचलों में सेनेटरी इंस्पेक्टरों को इस प्रक्रिया की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है।
नगर निगम ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने घरों और आस-पास के क्षेत्र में पानी जमा न होने दें, कूलर और टंकियों की नियमित सफाई करें और मच्छररोधी उपाय अपनाएं। निगम का कहना है कि मच्छरों की वृद्धि पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
लार्वा छिड़काव के साथ-साथ फागिंग पर खास ध्यान
नगर निगम में कार्यरत डा. गौरव ने बताया कि इस समय का मौसम मच्छरों के विकास के लिए सही है। 27 से 35 डिग्री सेल्सियस का तापमान इन्हें प्रजनन के लिए आदर्श माना जाता है।
वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए, एंटी-लार्वा छिड़काव के साथ-साथ फागिंग पर खास ध्यान दिया जा रहा है। जैसा कि तापमान में और वृद्धि होगी, मच्छरों की समस्या अपने आप कम हो जाएगी।
इसे भी पढ़ें – Akhilesh Yadav के छोटे भाई Prateek Yadav के शादी का रिश्ता तालाक तक पहुंचा, पत्नी को “मतलबी महिला” बताया
