Sen your news articles to publish at [email protected]
LPG Price Hike: दुनिया भर में चल रही युद्ध, तेल संकट और ऊर्जा बाजार में हलचल के बीच, केंद्र सरकार ने देशवासियों को आश्वस्त किया है कि भारत में एलपीजी, कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है। सरकार के अनुसार, देश के पास 60 दिनों का कच्चा तेल, 60 दिनों की प्राकृतिक गैस और 45 दिनों का रसोई गैस का भंडार है। उनका दावा है कि चाहे परिस्थितियाँ कितनी भी गंभीर हों, आम आदमी की रसोई पर कोई बड़ा संकट नहीं आने दिया जाएगा। हालांकि, दूसरी ओर, गैस सिलेंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों ने लोगों की आर्थिक स्थिति पर भारी दबाव बना दिया है।
14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹1002.50 तक
पटना में आज 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹1002.50 तक पहुंच गई है, वहीं कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹3346.50 है। इसी प्रकार, राजधानी दिल्ली में घरेलू सिलेंडर ₹913 में उपलब्ध है। छोटे परिवारों और अस्थायी उपयोग के लिए 5 किलो का छोटा सिलेंडर ₹339 का है। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹3071.50 है।
चौंकाने वाली बात यह है कि इस साल कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में लगभग ₹1500 की भारी बढ़ोतरी हुई है। केवल मई महीने में ही ₹993 की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई, जिससे होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों को मुश्किल का सामना करना पड़ा। इसके पहले, जनवरी में ₹111, फरवरी में ₹49, मार्च में ₹144, और अप्रैल में लगभग ₹200 की बढ़ोतरी की गई थी।
कीमत में लगभग दो गुना बढ़ोतरी
इंडियन ऑयल के नवीनतम आँकड़ों के अनुसार, 1 दिसंबर 2025 को दिल्ली में एक कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत ₹1580.50 थी। इसका मतलब है कि केवल कुछ ही महीनों में इस कीमत में लगभग दो गुना बढ़ोतरी हो गई है। वहीं, सरकार ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए “समुद्र मंथन” योजना को तेजी से लागू कर रही है। अगले 3 से 6 महीनों में तेल, गैस और एलपीजी के भंडारण की क्षमता को बढ़ाने की योजना है। इसके साथ ही, 30 दिनों का स्टैटेजिक LPG रिजर्व बनाने की संभावनाएँ भी तलाश की जा रही हैं, ताकि किसी वैश्विक संकट के समय देश में रसोई की आग बनी रहे।
