Sen your news articles to publish at [email protected]
Khan Sir Hospital Closed? फायर विभाग ने भेजा H-1 नोटिस, जानें पूरा मामला
Khan Sir Hospital Closed?: बिहार के प्रसिद्ध कोचिंग शिक्षक फैजल खान, जिन्हें खान सर के नाम से जाना जाता है, अब मुश्किलों में दिखाई दे रहे हैं। उनके अस्पताल पर संकट के बादल छा गए हैं, जिससे लोगों में चिंता है कि क्या उनका अस्पताल बंद हो जाएगा या फायर विभाग इसे सील कर देगा। आइए जानते हैं इन चिंताओं के पीछे की वजह।
असल में, फायर सेफ्टी विभाग खान अस्पताल के खिलाफ कठोर कार्रवाई की योजना बना रहा है। हाल ही में, फायर विभाग ने कोचिंग विवाद के सिलसिले में खान सर के अस्पताल का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान, अस्पताल में फायर सेफ्टी से संबंधित कई समस्याएं उजागर हुईं। इसके अलावा, यह भी पाया गया कि अस्पताल का निर्माण बिना आवश्यक अनुमति के शुरू कर दिया गया था। इसी के चलते फायर विभाग ने फैजल खान को दो नोटिस जारी किए थे, जिसमें उन्हें जल्द से जल्द कमियों को दूर करने और एनओसी प्राप्त करने के लिए कहा गया था। लेकिन अब तक खान सर ने इनमें से किसी भी कार्रवाई का पालन नहीं किया है।
फायर विभाग का नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू
फायर विभाग ने अब अस्पताल को एच-1 नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह नोटिस किसी भवन को सील करने से पूर्व संबंधित संचालक से जवाब प्राप्त करने हेतु जारी किया जाता है। इससे पहले, फायर विभाग खान सर के अस्पताल को E-1 और G-1 नोटिस भी दे चुका है। इन दो नोटिस के बावजूद, खान अस्पताल प्रशासन ने अभी तक आवश्यक अग्नि सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं किया है।
यदि अस्पताल प्रबंधन एच-1 नोटिस जारी होने के दो हफ्ते के भीतर कमियों को सही नहीं करता है, तो फायर विभाग अस्पताल को सील करने की कार्रवाई कर सकता है। अग्निशमन अधिकारी इंद्रजीत कुमार ने 25 मई को खान अस्पताल का अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया, जिसमें कई निर्माण कार्य अधूरे पाए गए। इसके अलावा, अस्पताल ने फायर विभाग से आवश्यक नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) भी नहीं लिया, जो कि नियमों के खिलाफ है। फायर विभाग के अनुसार, 2021 के बाद निर्मित सभी भवनों को किसी भी संस्थान या प्रतिष्ठान के संचालन से पहले फायर विभाग से एनओसी प्राप्त करना अनिवार्य है।
