Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

Xi Jinping India Visit: BRICS से पहले चीन का बड़ा संदेश, ‘भारत के साथ मतभेद सुलझाएंगे’

Xi Jinping India Visit
0 143

Xi Jinping India Visit: भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने कहा है कि चीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के मार्गदर्शन में भारत के साथ मिलकर कार्य करेगा और आपसी मतभेदों का समाधान निकालेगा।

यह बयान शनिवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए चीन राष्ट्रपति के भारत दौरे से कुछ ही घंटे पहले दिया गया। इस दौरे में उनकी प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता होने वाली है। राजदूत ने यह भी पुष्टि की है कि दोनों नेताओं के बीच बैठक की योजना बनाई जा रही है।

शू ने शुक्रवार की रात एक पोस्ट में लिखा, “चीन और भारत राष्ट्रपति शी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक का आयोजन कर रहे हैं।” लगभग सात साल बाद शी जिनपिंग भारत आ रहे हैं। वे प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए शनिवार को बीजिंग से रवाना हुए हैं। मोदी और शी के बीच यह द्विपक्षीय बैठक आज शाम 5:45 बजे होने की उम्मीद है।

2020 के बाद शी जिनपिंग का पहला दौरा

भारत में चीन के राजदूत ने बताया कि “कजान और तियानजिन में हुई बैठकों के बाद यह दोनों नेताओं की तीसरी मुलाकात होगी।” उन्होंने यह भी कहा कि चीन भारत के साथ कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और मतभेदों का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। शू ने अपने बयान में उल्लेख किया, “चीन भारत के साथ मिलकर दोनों नेताओं के रणनीतिक निर्देशों को लागू करने, दीर्घकालिक दृष्टिकोण से द्विपक्षीय संबंधों का प्रबंधन, बातचीत को प्रोत्साहित करने, सहयोग को मजबूत करने, मतभेदों को सौम्य तरीके से हल करने और एक अच्छे पड़ोसी तथा सहयोगी के रूप में मित्रता के भाव को बनाए रखने के लिए कार्य करेगा।”

2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद, शी जिनपिंग पहली बार भारत का दौरा कर रहे हैं। तब से, भारत-चीन संबंधों में कुछ सुधार देखने को मिला है, और चीनी राष्ट्रपति ने कजान और तियानजिन में प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत की है।

Leave a comment