Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

Delhi BJP Sarkar: रेखा गुप्ता के साथ 6 मंत्री लेंगे शपथ, प्रवेश वर्मा बनेंगे दिल्ली के डिप्टी CM

0 87

Delhi BJP Sarkar: दिल्ली में भाजपा की नई सरकार आज गुरुवार को शपथ लेगी। रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी, जबकि प्रवेश वर्मा को दिल्ली के डिप्टी सीएम के पद पर बैठाया जा सकता है।

रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। भाजपा के दिल्ली प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। अब रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली नई सरकार बृहस्पतिवार को दोपहर शपथ लेगी। सूत्रों के अनुसार, रेखा गुप्ता के साथ छह विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

कौन मंत्री बनेगा, इस बारे में सूत्रों का कहना है कि रेखा गुप्ता की कैबिनेट में 6 मंत्री होंगे। संभावित मंत्रियों के नामों में प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्रराज सिंह, पंकज सिंह और आशीष सूद का नाम शामिल है। हालांकि भाजपा की ओर से इस सूची की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों का यह भी कहना है कि प्रवेश वर्मा को दिल्ली का डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है।

रेखा गुप्ता 20 फरवरी को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उन्हें उपराज्यपाल 12 बजकर 35 मिनट पर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह का संचालन दिल्ली के मुख्य सचिव करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और भाजपा तथा एनडीए के प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे।

रामलीला मैदान पर शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैदान के बीच में भव्य मंच बनाया गया है, जबकि दोनों तरफ छोटे मंच बनाए गए हैं। पुलिस और एसपीजी ने रामलीला मैदान की सुरक्षा अपने हाथ में ले ली है। पूरे दिन सुरक्षा तैयारियों की जांच की गई है और मैदान के चारों तरफ पुलिस बल तैनात किया गया है।

सड़कों पर एलईडी के जरिए शपथ ग्रहण का लाइव प्रसारण होगा। 27 वर्षों बाद सत्ता में वापसी करने वाली भाजपा ने रामलीला मैदान को भगवा पर्दों से सजाया है। सड़कों पर पीएम मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा के कटआउट लगाए गए हैं। बड़े मंच से सीएम शपथ ग्रहण करेंगे, और सड़कों पर भी एलईडी के माध्यम से इस समारोह का प्रसारण किया जाएगा।

रामलीला मैदान के सभी द्वारों पर सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई है। मेटल डिटेक्टर के जरिए प्रवेश मिलेगा। समारोह के दौरान शपथ ग्रहण स्थल को नो व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। एसपीजी प्रमुख मंच की सुरक्षा देखेगी, जबकि दिल्ली पुलिस का सुरक्षा घेरा रहेगा। पूरे इलाके को 80 सेक्टर में बांटा गया है। आसपास की ऊंची इमारतों को सील कर दिया गया है, और इन इमारतों की छतों पर 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही ड्रोन के जरिए कार्यक्रम पर निगरानी रखी जाएगी।

Leave a comment