Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

Hemant Soren: जेल से रिहा होते ही हेमंत सोरेन का हमला, कहा- मेरे खिलाफ साजिश; बीजेपी बोली- अभी सिर्फ मिली है जमानत

0 163

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Hemant Soren: झारखंड हाईकोर्ट ने पूर्व CM हेमंत सोरेन को कथित जमीन घोटाले में जमानत दे दी। रिहाई के बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि मुझे झूठे मामले में फंसाकर 5 महीने जेल में बिताने को मज़बूर किया गया। मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने इसे सत्य की जीत बताया।

झारखंड में कथित जमीन घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में जेल में बंद झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमानत मिल गई। हेमंत सोरेन ने दावा किया कि उन्हें धनशोधन मामले में गलत तरीके से फंसाया गया और उन्हें करीब पांच महीने जेल में बिताने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि वो इस बात से चिंतित हैं कि देश में किस तरह से राजनीतिक नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों की आवाज़ दबाई जा रही है।

वहीं जेल से हेमंत सोरेन की रिहाई के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री और जेएमएम गठबंधन के कई नेताओं ने रांची में हेमंत सोरेन के आवास पर पहुंच कर उनसे मुलाकात की।

बिरसा मुंडा जेल से रिहा होने के बाद हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, कि मुझे गलत तरीके से फंसाया गया। मेरे खिलाफ साजिश रची गई और मुझे पांच महीने जेल में बिताने के लिए मजबूर होना पड़ा।

वहीं हेमंत सोरेन ने आगे कहा, मैं न्यायपालिका का सम्मान करता हूं। न्यायालय ने अपना आदेश सुनाया और मैं जमानत पर बाहर हूं। लेकिन न्यायिक प्रक्रिया लंबी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा, मैंने जो काम शुरू किया है, जो युद्ध मैंने छेड़ा है, उसे पूरा करूंगा।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमानत दिए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि झामुमो नेता को राजनीतिक द्वेष के चलते गिरफ्तार किया गया था।

वहीं सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने सोरेन से फोन पर बात की और उनकी रिहाई पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, हम उन्हें जमानत देने के हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। राहुल गांधी ने आगे कहा कि जो लोग संविधान की रक्षा की भावना के साथ आगे बढ़ते हैं, सत्य ही उनकी रक्षा करता है।

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

वहीं झारखंड के मौजूदा मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने इसे सत्य की जीत करार दिया है। मामले में हेमंत सोरेन की जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने 13 जून को फैसला सुरक्षित रख लिया था।

सोशल मीडिया X पर मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने लिखा, सत्य परेशान हो सकता हैं, पराजित नहीं। इसके साथ ही चंपई सोरेन ने पूर्व मुख्यमंत्री के साथ एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा सत्यमेव जयते!। वहीं झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा नीत गठबंधन ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री को जमानत देने के हाईकोर्ट के फैसले की जमकर सराहना की है।

झारखंड सरकार में मंत्री और हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन ने मामले में कहा कि हमें न्यायालय पर पूरा भरोसा था। न्याय की जीत हुई, मैं हाई कोर्ट को धन्यवाद देता हूं।

वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और मंत्री हफीजुल हसन ने एक्स पर लिखा, सत्य कभी पराजित नही हो सकता। मैं हाई कोर्ट के इस फैसले का स्वागत करता हूं। इस फैसले ने तानाशाही ताकतों की तरफ से बनाए गए महल को भी ध्वस्त कर दिया है।

वहीं हेमंत सोरेन की रिहाई पर खुशी जाहिर करते हुए झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने प्रसिद्ध हिंदी गीत का हिस्सा – ‘हंसते हंसते कट जाए रास्ते, जिंदगी यूं ही चलती रहे’ सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है।

इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि, सिर्फ जमानत मिली है, सभी आरोपों से मुक्त नहीं किया गया।

वहीं झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि जिस तरह से झारखंड मुक्ति मोर्चा नीत गठबंधन इसे लेकर जश्न मना रहा है, ऐसा लग रहा है जैसे वो सभी आरोपों से बरी हो गए हैं, उन्हें बस जमानत मिली है।

झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश रोंगोन मुखोपाध्याय की एकल पीठ ने आज राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को धनशोधन मामले में जमानत दी है।

न्यायमूर्ति मुखोपाध्याय की तरफ से पारित आदेश में कहा गया, याचिकाकर्ता को 50 हजार रुपये के जमानत बांड और इतनी ही राशि की दो जमानतें प्रस्तुत करने पर जमानत पर रिहा करने का निर्देश दिया जाता है। बता दें कि हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय ने इस साल 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था।

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -
Leave a comment
Off