Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

Lakhisarai Boat Capsize: लखीसराय नाव हादसे में दो महिलाएं लापता; हादसे के समय नाव में थे 12 पैसेंजर

0 116

Lakhisarai Boat Capsize: बिहार के लखीसराय नाव हादसे में दो महिलाएं लापता हो गई हैं। हादसे के समय नाव में 12 पैसेंजर सवार थे।

बिहार के लखीसराय में किऊल नदी में एक नाव के पलटने से दो महिलाएं लापता हो गई हैं। इस नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। छोटा डेंगी नाव, जिसमें छह से अधिक लोग नहीं होने चाहिए थे, पर 12 लोग सवार हो गए थे। डेंगी पर सवार लोगों में देवघड़ा चंद्र टोला के उचित महतो की पत्नी बलिया देवी और बुलबुल महतो की पत्नी रानी देवी लापता हैं, जिनकी खोजबीन जारी है।

हादसा शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के देवघड़ा चंद्र टोला के पास हुआ। यह लोग नदी के उस पार घास लाने के लिए नाव से जा रहे थे। घाट से निकलते ही नाव में पानी भरने लगा और बीच नदी में तेज धार की वजह से नाव पलट गई। इस दौरान नाव पर सवार कुल 12 लोगों में से दो महिलाएं डूब गईं, जबकि बाकी 10 लोगों को किसी तरह बचा लिया गया। नाव पर कुल सात महिलाएं और पांच पुरुष सवार थे।

नाव डूबते देख नाव मालिक भोला महतो समेत सभी पांच पुरुष किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए। पास ही मोटर चालित नाव से स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे और पांच महिलाओं को किसी तरह पानी से बाहर निकाला गया।

घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार और सीओ स्वतंत्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। लापता महिलाओं की खोज के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। सीओ के अनुसार, नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। घटना के वक्त वहां मौजूद महिला सवारियों, चानो देवी और उमा देवी ने बताया कि वे सभी घास लाने जा रहे थे, तभी पानी भरने से नाव पलट गई। दो महिलाएं – बलिया देवी और रानी देवी – डेंगी के साथ ही डूब गईं।

Leave a comment