Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

Nitish Kumar Health: सीएम नीतीश की तबीयत खराब, सभी कार्यक्रम रद्द, 3 दिन बाद है प्रगति यात्रा

0 106

Nitish Kumar Health: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबीयत अचानक खराब हो गई है। इस कारण शुक्रवार को उनके सभी निर्धारित कार्यक्रम और दौरे रद्द कर दिए गए हैं।

तबियत ठीक न होने की वज़ह से सीएम कुमार पटना में चल रहे ग्लोबल निवेशक सम्मेलन “बिहार बिजनेस कनेक्ट 2024” में भी हिस्सा नहीं लेंगे। तीन दिन बाद उनकी प्रगति यात्रा शुरू होने वाली है, लेकिन अब इस पर भी संशय बन गया है।

खबरों के अनुसार, सर्दी के मौसम की वजह से मुख्यमंत्री सर्दी, जुखाम और बुखार से पीड़ित हैं। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। शुक्रवार को उनका नालंदा जिले के राजगीर दौरे का कार्यक्रम था, जहां उन्हें मगध सम्राट जरासंध की प्रतिमा का अनावरण करना था। प्रशासन ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन ऐन वक्त पर दौरा रद्द करना पड़ा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री को पटना में आयोजित बिहार बिजनेस कनेक्ट के समापन समारोह में हिस्सा लेना था। वहां उनका निवेशकों को संबोधित करने और विभिन्न कंपनियों के पदाधिकारियों से मुलाकात का कार्यक्रम था, लेकिन अब ये सभी बैठकें रद्द हो गई हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय ने अभी तक उनके स्वास्थ्य के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

23 दिसंबर से शुरू होने वाली प्रगति यात्रा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। इस यात्रा का पहला चरण पश्चिम चंपारण जिले से शुरू होकर 28 दिसंबर तक छह जिलों तक चलने वाला है। लेकिन सीएम की तबीयत बिगड़ने के कारण इस पर अनिश्चितता बनी हुई है।

Leave a comment