Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

राष्ट्रगान का अपमान मत करिए; जन गण मन के बीच नीतीश के हंसने पर लालू-तेजस्वी का हमला

0 145

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राष्ट्रगान के दौरान हंसते और हाथ जोड़ते हुए एक वीडियो वायरल होने के बाद राजनीति गरम हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने नीतीश पर हमला बोला है। लालू ने कहा, ‘राष्ट्रगान का अपमान, हिंदुस्तान इसे नहीं सह सकता।’ वहीं, तेजस्वी ने मुख्यमंत्री से कहा कि कम से कम राष्ट्रगान का अपमान मत कीजिए।

यह वीडियो गुरुवार को पटना में आयोजित सेपक टकरा वर्ल्ड कप के उद्घाटन समारोह का बताया जा रहा है। वीडियो में राष्ट्रगान ‘जन गण मन…’ बज रहा होता है, और इस दौरान नीतीश अपने पास खड़े एक अधिकारी से बातचीत करने लगते हैं। अधिकारी उन्हें टोकते हैं, फिर सीएम हंसते हुए हाथ जोड़ लेते हैं। आरजेडी के साथ-साथ बिहार कांग्रेस ने भी यह वीडियो शेयर किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाया।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश रोजाना युवा, छात्र, महिला और बुजुर्गों का अपमान करते हैं। कभी महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर ताली बजाकर उनकी शहादत का मजाक उड़ाते हैं, तो कभी राष्ट्रगान का अपमान करते हैं।

उन्होंने कहा, “आपको याद दिला दें कि आप एक बड़े प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। चंद सेकंड के लिए भी आप मानसिक और शारीरिक रूप से स्थिर नहीं हैं, और आपका इस तरह अचेत अवस्था में इस पद पर बने रहना प्रदेश के लिए अत्यधिक चिंताजनक है। बिहार को बार-बार इस तरह अपमानित मत कीजिए।”

Leave a comment