Sen your news articles to publish at [email protected]
Sudhakar Singh Jan Suraaj: आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी पर निशाना साधते हुए उसे बीजेपी-जेडीयू की मदद के लिए बनाई गई “बी टीम” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जन सुराज दल ने बिहार उपचुनाव में आरजेडी के वोट काटने का काम किया, जिससे महागठबंधन को नुकसान हुआ।
सुधाकर सिंह ने कहा कि बिहार उपचुनाव में एनडीए की एकतरफा जीत के पीछे जन सुराज पार्टी की भूमिका रही। उन्होंने दावा किया कि प्रशांत किशोर की पार्टी का उद्देश्य बीजेपी के वोट को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि विपक्ष के वोट काटना है।
उन्होंने कहा, “जन सुराज के उम्मीदवार एनडीए के अनुकूल थे और उनके कारण महागठबंधन के वोटों में सेंधमारी हुई। प्रशांत किशोर का मुख्य उद्देश्य आरजेडी और महागठबंधन को कमजोर करना है। उनका खुद का कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है।”
सांसद सुधाकर ने कहा कि आरजेडी कमजोर नहीं है। 2019 में महागठबंधन के पास केवल एक सांसद था, जबकि अब यह संख्या 10 हो गई है। वहीं, एनडीए 39 से घटकर 30 सीटों पर आ गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2025 में आरजेडी अपने दम पर सरकार बनाएगी।
जेडीयू पर हमला करते हुए सुधाकर सिंह ने कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार के नेतृत्व को करीब से देख लिया है, और इसी कारण जेडीयू का वोट प्रतिशत और संख्या बल लगातार घट रहा है।
उन्होंने भाजपा समर्थित मीडिया पर भी आरोप लगाया कि वे आरजेडी के भविष्य को 2010 जैसे हालात में दिखाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि एनडीए कमजोर हो रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए बिहार उपचुनाव में एनडीए ने चारों सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि महागठबंधन एक भी सीट नहीं जीत पाया। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने लगभग 10% वोट हासिल किए, लेकिन महागठबंधन को इसका नुकसान उठाना पड़ा।