Sen your news articles to publish at [email protected]
Patliputra Township: बिहार का नया ‘Smart Hub’, जंक्शन और एयरपोर्ट के पास बसेंगे 275 गांव
Patliputra Township: बिहार सरकार ने शहरीकरण को नई दिशा देते हुए पटना और प्रदेश के 11 अन्य शहरों के पास ‘ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप’ का विकास करने का निर्णय लिया है। इसके तहत, राजधानी पटना में ‘पाटलिपुत्र टाउनशिप’ का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर तेजी से काम शुरू हो चुका है। ‘पाटलिपुत्र टाउनशिप’ के तहत 275 गांवों को शामिल किया जाएगा, जहां सरकार ने जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगाई है। आइए, अब जानते हैं कि ‘पाटलिपुत्र टाउनशिप’ बनने से क्षेत्र के लोगों को कौन-कौन सी सुविधाएँ हासिल होंगी।
पटना क्षेत्र में प्रस्तावित ‘पाटलिपुत्र’ टाउनशिप
ग्रीनफील्ड टाउनशिप के अंतर्गत भूमि पूलिंग नीति के अनुसार, किसानों और भूमिलिकों से अविकसित भूमि हासिल की जाएगी। इस भूमि का विकास सरकार द्वारा आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जाएगा। जब विकास कार्य समाप्त हो जाएगा, तो कुल भूमि के 55 प्रतिशत हिस्से को विकसित भूखंड के रूप में मूल स्वामियों को वापस लौटा दिया जाएगा, जिससे किसानों को अपनी भूमि की बढ़ती कीमतों का लाभ प्राप्त होगा।
पटना क्षेत्र में प्रस्तावित ‘पाटलिपुत्र’ टाउनशिप में 9 प्रखंडों, जिसमें पुनपुन, फतुहा, संपतचक, दनियावां, धनरुआ, मसौढ़ी, नौबतपुर, फुलवारी शरीफ और पटना सदर शामिल हैं, के 274 गांवों को शामिल किया जाएगा। यह परियोजना लगभग 81 हजार 730 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी।
टाउनशिप से पटना जंक्शन पहुंचने में 20 किमी की दूरी
सरकारी सूत्रों के अनुसार, ‘पाटलिपुत्र टाउनशिप’ ऐसी जगह स्थापित की जाएगी जो पटना शहर से लगभग 13 किमी की दूरी पर होगी। इस टाउनशिप से पटना जंक्शन पहुंचने में 20 किमी की दूरी तय करनी होगी। इसके अलावा, पटना एयरपोर्ट से टाउनशिप की दूरी लगभग 24 किमी रहने की उम्मीद है।
इस टाउनशिप में सड़कें बिहटा-सरमेरा रिंग रोड, पटना-गया-डोभी फोरलेन और आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेंगी, जिससे आवागमन में सुविधा होगी।
पाटलिपुत्र टाउनशिप में उपलब्ध सुविधाएं
सूत्रों के अनुसार, पाटलिपुत्र टाउनशिप केवल एक आवासीय क्षेत्र नहीं होगी, बल्कि यह एक अत्याधुनिक आर्थिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहाँ विभिन्न विशेष जोन बनाए जाएंगे। इसमें एक खेल नगर का निर्माण किया जाएगा, जहां अंतरराष्ट्रीय मानकों की खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, एक फिनटेक हब, न्यायिक अकादमी और व्यापार एवं माल परिवहन के लिए लॉजिस्टिक हब भी स्थापित किए जाएंगे।
