Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

Jan Suraaj Complaint Independent MLC: बिहार के दो निर्दलीय MLC की सदस्यता पर संकट? बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के खिलाफ शिकायत

jan suraaj complaint independent mlc bihar politics
0 27

Jan Suraaj Complaint Independent MLC: हाल ही में बिहार में हुए MLC चुनावों में दो निर्दलीय विधान पार्षद, बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज, काफी चर्चा का विषय बने हुए हैं। इस बीच यह बात भी उठने लगी है कि क्या इन दोनों की सदस्यता खतरे में पड़ जाएगी। शुरुआत में ये खबर आई थी कि दोनों निर्दलीय पार्षद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं। इसके बाद यह चर्चा चलने लगी कि अगर कोई निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव जीतने के बाद किसी पार्टी में शामिल होता है, तो उसकी विधान परिषद की सदस्यता समाप्त हो सकती है।

इस परचर्चा को लेकर निर्दलीय विधान पार्षद ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण नहीं की है, बल्कि सिर्फ पार्टी का समर्थन किया है। यह स्थिति अब राज्य की राजनीति में तनाव पैदा कर रही है। राजद इस मुद्दे पर भाजपा को घेरने की कोशिश कर रही है, वहीं जन सुराज पार्टी ने कानूनी कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी है।

जन सुराज पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सभापति रामवचन राय से मुलाकात की

सोमवार को जन सुराज पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधान परिषद के सभापति रामवचन राय से मुलाकात की, जिसमें उन्होंने बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जन सुराज ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की अपील करते हुए सभापति को पेन ड्राइव सहित कई प्रमाण सौंपे। पार्टी का आरोप है कि ये निर्दलीय पार्षद बीजेपी में शामिल हो गए हैं, जिससे उनकी सदस्यता रद्द की जानी चाहिए। इस मुद्दे पर बिहार विधान परिषद के सभापति ने बताया कि वे कानूनी विशेषज्ञों से परामर्श लेने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई करेंगे।

इससे पहले, जन सुराज ने बिहार में दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों, बंशीधर बृजवासी और राहुल राज, द्वारा भाजपा में शामिल होने को असंवैधानिक करार देते हुए इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया था। पार्टी ने दोनों नेताओं की विधान परिषद सदस्यता रद्द करने की मांग की और विधान परिषद के सभापति के सामने याचिका दाखिल करने का ऐलान किया।

भाजपा धन, सत्ता और प्रभाव का उपयोग कर रही

इसके साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर उच्च न्यायालय में अपील करने की बात भी कही गई थी। जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता, कुमार सौरभ, ने रविवार को आरोप लगाया था कि भाजपा धन, सत्ता और प्रभाव का उपयोग कर चुनावी जनादेश को अपने पक्ष में मोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि बिहार विधान परिषद के चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव परिणाम 27 अक्टूबर को जारी किए गए थे।

भाजपा को दो सीटें मिली थीं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों को भी दो, राजद को दो, जदयू को एक और जन सुराज को एक सीट प्राप्त हुई। चुनाव परिणामों के बाद 72 घंटे में ही, दो निर्दलीय निर्वाचित सदस्यों ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया। सौरभ ने जानकारी दी कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनकर आए राहुल राज और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित बंशीधर बृजवासी भाजपा की सदस्यता स्वीकार कर चुके हैं। उन्होंने संविधान की दसवीं अनुसूची और अनुच्छेद 102(2) तथा 192(2) का उल्लेख करते हुए कहा कि अगर कोई निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीतकर किसी राजनीतिक दल में शामिल होता है, तो उसकी विधान परिषद की सदस्यता समाप्त हो सकती है।

Leave a comment