Sen your news articles to publish at [email protected]
डंडीमार युग के लिए कुछ शब्द: मणिपुर हिंसा, हिंदू-मुस्लिम राजनीति और सरकारी उपक्रमों की बिक्री पर डॉ. योगेन्द्र का तीखा प्रहार
लेखक: डॉ. योगेन्द्र
डंडीमार युग के लिए कुछ शब्द
मणिपुर में मैतई और कूकी में खूनी संघर्ष चलता रहा। बीजेपी के वहाँ मुख्यमंत्री हैं और केंद्र में उनकी सरकार है। डबल इंजन के प्रचारक मुंह में कपड़ा ठूँस कर चुप रहे। प्रधानमंत्री की हिम्मत नहीं हुई कि वहाँ जायें। लोगों के बीच बैठें। उन्हें समझायें। उनके लोग डंका पीटते रहे कि प्रधानमंत्री रूस और यूक्रेन के युद्ध को सुलटा रहे हैं। घर में रक्तपात हो रहा है, उसे रोकने की न हिम्मत है, न नीयत। अगर कूकी और मैतई में से कोई मुसलमान होता, तब फर्जी सनातनियों के रंग-ढंग कुछ और होता। गोदी से सोशल मीडिया रंगे रहते।
इज़रायल फ़िलिस्तीन की ज़मीन पर बसा। फ़िलिस्तीनियों ने दुख में यहूदियों को साथ दिया। बाद में यहूदियों ने फ़िलिस्तीनियों को बेदखल कर अपना देश बना लिया। अब वह रह रह कर कुहराम मचाता रहता है। गाजा में जो नरसंहार नेतन्याहू की सेना ने किया है, उसके लिए नेतन्याहू को माफ नहीं किया जा सकता। कुछ लोग इज़रायल का सिर्फ़ इसलिए समर्थन करते हैं क्योंकि फ़िलिस्तीनी मुसलमान हैं।
कल जब मैंने गाजा पर नेतन्याहू के कुकर्मो को लेकर फ़ेसबुक पर आलोचना की तो एक ने याद दिलाया कि कश्मीर में भी ब्राह्मणों का नरसंहार हुआ। उसने ऐसा सिर्फ़ इसलिए लिखा कि कश्मीरी मुसलमान हैं और मुसलमान अच्छे नहीं होते, वे हिंसक होते हैं। उन्हें यह याद नहीं रहा कि वहाँ एक बार सामूहिक नरसंहार हुए जिसमें 24 ब्राह्मण मारे गये, तब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे। इसके अलावे छिटपुट आतंकी कार्रवाई हुई। सभी कार्रवाइयाँ ग़लत थीं । इसकी जितनी आलोचना की जाए, कम है।
लेकिन बिहार में इससे बड़े बड़े नरसंहार हुए। दुर्भाग्य यह रहा कि कोर्ट और पुलिस नरसंहार करनेवाले हत्यारों में से किसी को सजा नहीं दे सकी, क्योंकि कोई प्रमाण नहीं मिला। यानी लोगों ने अपना सिर खुद ही काट लिया था, ऐसे नरसंहारों की याद नहीं आई, क्योंकि इसमें एक पक्ष मुस्लिम नहीं था। हिन्दू- मुस्लिम करते करते देश कहाँ आ गया है, इसका जरा सा अहसास ऐसे लोगों के पास नहीं है।
चौदह सालों से हिन्दू मुस्लिम कर देश को लूट रहे हैं और लुटवा रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने जो सरकारी उपक्रम बनाए, उसे बेशर्मी के साथ बेचते रहे। फ़िक्की की बैठक में प्रधानमंत्री ने जो कहा, वह कितना शर्मनाक है! प्रधानमंत्री बारह वर्ष बाद कह रहे हैं कि मैंने पूँजीपतियों पर लगाये जाने वाले टैक्स को 30 प्रतिशत से घटा कर 22 प्रतिशत कर दिया, लेकिन आपका पेट है कि भरता नहीं।
प्रधानमंत्री जी, आप पेट क्यों भर रहे थे? जो छूट पूँजीपतियों को दे रहे थे, उससे सरकारी उपक्रम क्यों नहीं विकसित किये? पूँजीपति मुनाफा कमाने के लिए बिज़नेस करता है। मडुवा के दोबर बेरोजगार मिल जाते हैं। उन्हें वेतन बढ़ाना नहीं है। आपका तो धंधा है कि सरकारी उपक्रमों को भी औने पौने दाम में बेच तक अडानी को थमा दें।
उल्टी रीत चली है। बैंक के पैसे पूँजीपतियों को लोन दें, उस लोन से वे सरकारी उपक्रम ख़रीद लें। लोन चुकता नहीं करने पर आप माफ कर दें। इससे बेहतर काम और कौन कर सकता है प्रधानमंत्री जी! यह स्किल जिसे आ गया, उस विश्वविद्यालयों का काग़ज़ी सर्टिफ़िकेट क्यों चाहिए?
यही वजह है विश्वविद्यालयों के प्रमाणपत्र आपको काग़ज़ का टुकड़ा लगता है। एक कदम और आगे बढ़ जाइए, सभी स्कूलों और विश्वविद्यालयों में ताला लगवा दीजिए। कागज के टुकड़े बांटने में सभी लगे हैं और सरकार को इस पर अरबों खर्च करना पड़ रहा है। वैसे शिक्षा बजट में कटौती कर आपने अपना इरादा साफ कर दिया है।
