Sen your news articles to publish at [email protected]
Banka News: छेड़खानी कांड का आरोपी MP से गिरफ्तार, पैसे नहीं मिले तो वायरल कर दिया वीडियो
Banka News: मंदार पहाड़ पर एक युवती के साथ की गई बदसलूकी और मारपीट का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
एसआईटी की टीम ने मंगलवार को मध्यप्रदेश से एक और फरार नाबालिग आरोपी को पुलिस संरक्षण में हिरासत में लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उसे बुधवार तक बांका लाने की योजना है।
पुलिस के अनुसार, अभी एक अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी छापामारी की जा रही है। इस मामले में सोमवार को गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इसके साथ ही, इससे पहले दो नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजा गया था।
चार्जशीट जमा करने की तैयारी
पुलिस अब सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य एकत्रित करके चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया में है। अब तक इस मामले में छह आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से तीन नाबालिग हैं। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल एक आरोपी अब भी फरार है।
तीन जून को मंदार पहाड़ पर कुछ युवकों द्वारा एक युवती के साथ अभद्रता की गई थी। ऐसा आरोप है कि युवती को धमकाकर उससे ऑनलाइन 1500 रुपये वसूले गए। इसके बाद, युवती से और पैसे की मांग नहीं पूरी होने पर इसका वीडियो सार्वजनिक कर दिया गया।
22 सितंबर को यह मामला पुलिस के संज्ञान में आया, जिसके बाद छह से सात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान आरोपितों की पहचान की गई और मामले में चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि एक नाबालिग को मध्य प्रदेश से पुलिस द्वारा संरक्षण में लिया गया है, जबकि एक अन्य फरार नाबालिग की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ तेज़ी से न्यायिक प्रक्रिया सुनिश्चित करके उन्हें सजा दिलवाने का प्रयास किया जाएगा।
