Sen your news articles to publish at [email protected]
Bihar corporate league season-3: बिहार सेक्रेटेरिएट बना चैंपियन, मोहम्मद आरिफ की घातक गेंदबाजी ने FCI से छीना खिताब
Bihar corporate league season-3: राजधानी के राजवंशी नगर स्थित ऊर्जा स्टेडियम में शुक्रवार की शाम क्रिकेट के रोमांच की नई कहानी लिखी गई। बिहार कॉरपोरेट लीग (BCL) सीजन-3 के बेहद हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में बिहार सेक्रेटेरिएट ने FCI को महज 2 रन से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
रोमांचक रहा आखिरी ओवरों का खेल
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार सेक्रेटेरिएट की टीम शुरुआत में संघर्ष करती नजर आई और 19.3 ओवर में 124 रन पर ऑल-आउट हो गई। टीम की ओर से किरन यादव ने सर्वाधिक 25 रन और कुमार गौरव ने 18 रनों का योगदान दिया।
मोहम्मद आरिफ अंसारी का ‘मैजिकल स्पेल’
125 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी FCI की टीम सजल सिन्हा (55 रन) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत जीत के बेहद करीब थी। लेकिन मैच का पासा पलटा मोहम्मद आरिफ अंसारी ने। आरिफ ने महज 3 ओवर के कोटे में सिर्फ 11 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उनकी इस घातक गेंदबाजी के सामने FCI की पूरी टीम 19.1 ओवर में 122 रन पर सिमट गई।
विजेता को मिली 1 लाख की इनामी राशि
मैच के मुख्य अतिथि बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।
किसे क्या मिला पुरस्कार?
प्लेयर ऑफ द मैच: मोहम्मद आरिफ अंसारी (बिहार सेक्रेटेरिएट)
बेस्ट बैटर: किरन यादव
बेस्ट बॉलर: मनोज कुमार सिंह (सीएमडी, विद्युत बोर्ड)
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: सजल सिन्हा (FCI)
इस आयोजन को सफल बनाने में आयोजक निशांत कुमार, दिव्य प्रकाश, केतन और कुमार महर्षि का प्रमुख योगदान रहा। अंपायरिंग रविंद्र मोहन व आलोक कुमार ने की, जबकि कमेंट्री अजय अंबष्ठा ने संभाली।
