Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

संबंधों में ही होता है घर: डॉ. योगेन्द्र ने गांव की यादों और बुजुर्गों की पीड़ा को शब्दों में पिरोया

Untitled design
0 80

संबंधों में ही होता है घर: यों तो ज़िंदगी हर दिन यात्रा करती रहती है। मात्र स्थान बदलाव ही तो यात्रा के दायरे में नहीं आता, हर दिन, हर क्षण एक अनिर्वचनीय यात्रा जारी है। माँ की गर्भ से लेकर श्मशान की यात्रा तो चिह्नित की जा सकती है, लेकिन इसके पूर्व और बाद की यात्रा के बाहर में मेरे जैसे लोगों के लिए कहना नामुमकिन है। जो यात्रा मैंने तय की, उसकी अधिकांश बातें याद नहीं हैं। मैंने ही जिया है और मुझे ही मालूम नहीं है। स्मृतियों पर ज़ोर देने के बाद भी ज़िंदगी की  छोटी -मोटी घटनाएं याद आती हैं, शेष तो मेरे जीते जी विलीन हो गयीं। शायद डायरी लगातार लिख रहा होता तो पन्ने पलट कर कुछ चीज़ें याद कर पाता। एक तरह से अच्छा ही है कि स्मृतियों में सबकुछ नहीं है, वरना उथल- पुथल मच जाता। दिमाग की सारी चिप्स उड़ गई होती।

‎

‎पढ़ाई और नौकरी के दबाव से घर बेगाना होता गया

‎मेरा जन्म हावड़ा – किऊल रेलवे खंड पर स्थित कजरा स्टेशन के पास महसोनी गांव में हुआ। यह गांव पहले मुंगेर ज़िले के सूर्यगढा अंचल में पड़ता था। अब यह लखीसराय ज़िले में पड़ता है।मैं जब तक गाँव में रहा, मुंगेर ही जिला था। आज तक मेरा मन लखीसराय को जिला नहीं मान सका। मेरे गांव ने अपना पता बदल लिया, लेकिन मेरी चेतना नहीं बदली। वैसे मैं गांव से पूरी तरह उखड़ गया हूँ। पिता- माँ के घर हैं। ज़मीन- जायदाद हैं, लेकिन उनके होने से घर होता था। गली- मुहल्ले में दोस्तों के रहने से घर होता था। यानी घर तो संबंधों में ही रहता है। पढ़ाई और नौकरी के दबाव से घर बेगाना होता गया। सभी लोग एक एक कर चले गए और अब मात्र  स्मृतियों में बसा घर है, वरना घर की दीवारें ईंटों में तब्दील हो गईं है। घर खुद अकेला हो गया है।

‎

‎**दादी के अंदर की माँ जीत जाती है**

‎

‎अभी धान कट रहा है। जब घर भरा – पूरा था तो कच्चे धान का चूड़ा और चक्की- खाने में जो आनंद था, वह आज चाह कर भी संभव नहीं है। एक तो धान की किस्में बदल गईं। दूसरे भरा- पूरा घर नहीं रहा। अगहन और पूस के महीने में दादी- माँ हर दिन सुबह सुबह धान उसनती। ठंड तो रहती ही। हम सब भी जगते तो चूल्हे के पास बैठ जाते। माँ और दादी कभी सास- बहू की तरह नहीं लगी, बल्कि दो बहनों की तरह लगतीं। दोनों गोरी-चिट्टी । साथ- साथ चलतीं। मैंने दोनों को कभी लड़ते नहीं देखा। दोनों बात भी कम ही करती। दादी कभी कभी अपने छोटे पुत्र पर बड़बड़ाती। माँ चुप ही रहती। दरअसल दादी पूरी ज़िंदगी छोटे बेटे से ख़फ़ा रही।

‎

‎

‎छोटा बेटा पटना विश्वविद्यालय से एमबीबीएस कर एयरफ़ोर्स में डॉक्टर हो गया था, लेकिन कुछ ऐसी घटनाएं घटीं कि वह ख़फ़ा हो गई। तब भी जब कभी छोटा बेटा घर आता तो पूरे तन-मन-धन से उसके परिवार की सेवा में लग जाती। दादी के अंदर की माँ जीत जाती और बिना किसी शिकायत के वह लगी रहती, लेकिन वह कभी अपने छोटे बेटे के पास नहीं गई। मुझे लगता है कि देश में ऐसी सरकार होनी चाहिए जो बचपन और बुढ़ापे की ज़िम्मेदारी ले। बुढ़ापे में हर बूढ़े को जीने का संसाधन उपलब्ध करवाना चाहिए। भारत में आज बूढ़े लोग बहुत परेशान हैं। ख़ासकर वे बूढ़े जिन्हें जीने और दवा के लिए संसाधन नहीं है। जीने लायक पेंशन हर बूढ़े को मिलनी चाहिए।।

‎

Leave a comment