Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

Jamshedpur Marine Drive Road Accident: मंत्री की बेटी समेत चार युवाओं की मौत

jamshedpur marine drive road accident minister daughter 4 dead
0 4

Jamshedpur Marine Drive Road Accident: सोनारी मरीन ड्राइव के निकट दोमुहानी में गुरुवार की सुबह एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री तृषा सिंह सहित चार युवाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह हादसा इतना गंभीर था कि तेज गति में चल रही कार सड़क पर खड़ी एक ट्रक में जा घुसी, और कार के पूरे हिस्से में जबरदस्त क्षति आई।

इस मामले की जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह-सुबह हुई। कार (जेएच05 डीएस 6450) मरीन ड्राइव पर अत्यधिक तेज गति से जा रही थी। जब वह दोमुहानी के पास पहुंची, तो चालक ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक (जेएच02टी 3971) को नहीं देखा और बेकाबू होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में टकरा गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और सो रहे लोगों की नींद टूट गई।

हादसे में मंत्री की बेटी तृषा सिंह मौके पर ही मृत्यु

टक्कर के तुरंत बाद स्थानीय नागरिक राहत और बचाव के लिए दौड़ पड़े, लेकिन कार में सवार चारों युवकों की स्थिति बेहद गंभीर थी। इस हादसे में मंत्री की बेटी तृषा सिंह के अलावा नमन गुप्ता, सार्थक अग्रवाल, और वंशिका खंडेलवाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सोनारी थाना की पुलिस बल के साथ तुरंत स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला और उन्हें एमजीएम अस्पताल भेजा। इसके साथ ही, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। गौरतलब है कि ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का निवास कदमा स्थित दिंदली एनक्लेव में है। इस घटना की खबर सुनते ही मंत्री के परिजनों के अलावा मृतकों के अन्य रोते-बिलखते परिवार वाले भी टीएमएच और घटनास्थल पर पहुंचे।

परिजनों की चीख-चीख से माहौल गमगीन

अस्पताल के परिसर में परिजनों की चीख-चीख से माहौल गमगीन हो गया। शहर के कई महत्वपूर्ण लोग जैसे ही घटना की सूचना मिली, तुरंत अस्पताल आ पहुंचे और शोक में डूबे परिवारों को सांत्वना देने लगे। सड़क किनारे खड़े वाहनों को लेकर उठे सवालों के चलते सोनारी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शुरूआती जांच में यह बात सामने आई है कि हादसे का मुख्य कारण कार की तेज रफ्तार और मरीन ड्राइव पर अवैध रूप से खड़े ट्रक को माना जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने मरीन ड्राइव पर बिना इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।

Leave a comment