Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

Jyotiraditya Scindia Tata Steel Connection: जमशेदपुर स्टील प्लांट की स्थापना में सिंधिया परिवार का योगदान, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सुनाया इतिहास

jyotiraditya-scindia-tata-steel-factory-bihar-connection
0 11

Jyotiraditya Scindia Tata Steel Connection: बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह के अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पटना पहुंचे। इस दौरान बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जारी स्मारक डाक टिकट का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में चीफ पोस्ट मास्टर जनरल और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बिहार से अपने परिवार के ऐतिहासिक, धार्मिक और पारिवारिक संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि संयुक्त बिहार के दौर में जमशेदजी टाटा को इस्पात कारखाना स्थापित करने के लिए सिंधिया परिवार ने बड़ी आर्थिक मदद दी थी।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उनके लिए यह सौभाग्यशाली दिन है, क्योंकि सिंधिया परिवार का इस पवित्र भूमि से पुराना संबंध रहा है। उन्होंने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि सम्राट अशोक के पिता बिंदुसार ने अपने एक बेटे को उज्जैन भेजा था। उस समय उज्जैन सिंधिया परिवार की राजधानी थी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उस दौर में बिहार और झारखंड एक साथ थे। जमशेदजी टाटा ने दुनिया का सबसे बड़ा इस्पात कारखाना बनाने का संकल्प लिया था। इसके लिए उन्होंने अमेरिका से पूंजी जुटाने की कोशिश की, लेकिन वहां से मदद नहीं मिली। इसके बाद इंग्लैंड ने भी पूंजी देने से इनकार कर दिया।

सिंधिया ने कहा कि इसके बाद जमशेदजी टाटा उनके परदादा के पास पहुंचे थे। उनके परदादा ने जमशेदपुर में इस्पात कारखाना स्थापित करने के लिए टाटा को पूरी पूंजी उपलब्ध कराई थी, जिसके बाद संयंत्र खड़ा हो सका।

बिहार से सिंधिया परिवार के पांच संबंधों का किया जिक्र

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बिहार से अपने परिवार के पांच प्रमुख संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जमशेदजी टाटा को आर्थिक मदद देना बिहार से उनके परिवार का दूसरा संबंध है।

उन्होंने बताया कि जब डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रपति बने थे, तब वे उज्जैन आए थे और वहां एक मूर्ति का अनावरण भी किया था। इसके अलावा उनकी बुआ की बेटी की शादी बिहार के डुमरांव में हुई थी।

सिंधिया ने अपने पिता के बिहार दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके पूज्य पिताजी ने देश के कई हिस्सों की यात्रा की थी और बिहार की पवित्र भूमि पर भी आए थे।

उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक ही नहीं, बल्कि दुनिया का कोई भी व्यक्ति खुद को सौभाग्यशाली मानेगा, जिसे बिहार की मिट्टी को माथे से लगाने का अवसर मिले।

गया में आज भी सिंधिया परिवार के पंडे

केंद्रीय मंत्री ने बिहार से अपने परिवार के धार्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि गया जी में आज भी सिंधिया परिवार के पंडे मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के साथ उनके परिवार के धार्मिक, पारिवारिक और राजनीतिक संबंध रहे हैं।

बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह में शामिल होने को उन्होंने अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि डाक टिकट के माध्यम से संदेश जन-जन तक पहुंचता है।

विकसित भारत में बिहार की होगी अहम भूमिका

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मां सीता और गौतम बुद्ध की धरती है। यहां नालंदा और तक्षशिला जैसी ऐतिहासिक विरासत भी रही है।

उन्होंने बिहार के मखाना उत्पादन का जिक्र करते हुए कहा कि देश का लगभग 75 प्रतिशत मखाना बिहार में उत्पादित होता है और यहां का मखाना 20 देशों में भेजा जाता है।

केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि विकसित भारत के निर्माण में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

Leave a comment