Sen your news articles to publish at [email protected]
लखीसराय अशोक धाम भगदड़: 7 महिलाओं की मौत, हाईटेंशन तार की खबर निकली अफवाह
लखीसराय अशोक धाम में भगदड़: लखीसराय में स्थित प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोक धाम) के निकट सोमवार की सुबह हुए एक भयानक हादसे के कारणों का खुलासा हो गया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में आठ महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रारंभ में यह जानकारी मिली थी कि 11 हजार वोल्ट का तार गिरने और करंट लगने के कारण यह हादसा हुआ, लेकिन जिला प्रशासन ने इस दावे को पूरी तरह से नकार दिया है। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने एक प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की मौत करंट लगने से नहीं हुई, बल्कि यह एक झूठी अफवाह के चलते हुए भयावह भगदड़ का परिणाम थी।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घटना का मुख्य कारण अशोक धाम हॉल्ट पर एक ही समय में दोनों दिशाओं से ट्रेनों का आगमन था। ट्रेनों को देखकर स्टेशन और मंदिर के आसपास मौजूद कुछ युवकों ने तुरंत भागना शुरू कर दिया। इसी अफरा-तफरी के बीच, वहां स्थित एक बिजली का पोल भीड़ के दबाव या भाग-दौड़ के कारण गिर गया। पोल गिरते ही वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं के बीच यह अफवाह तेजी से फैल गई कि जमीन पर करंट लग गया है।
आठ महिलाओं की दर्दनाक मौत
जिला प्रशासन ने बताया है कि जिस समय पोल गिरा, उस वक्त क्षेत्र में बिजली पूरी तरह से बंद थी। इसके अलावा, जो तार जमीन पर गिरा था, वो पूरी तरह से इंसुलेटेड था। इसके बावजूद, अफवाहों ने श्रद्धालुओं में इतनी दहशत फैला दी कि लोग बिना सोचे-समझे अपनी जान बचाने के लिए दौड़ने लगे। इस अचानक की दौड़ में कतार में खड़ी महिलाएं भीड़ के धक्कों से गिर गईं, जिससे आठ महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय निवासियों की सहायता से राहत और बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। सभी घायलों को त्वरित रूप से निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
घायलों की पहचान इस प्रकार है:
– मनमाला देवी (44 वर्ष), पति निरंजन कुमार, वार्ड नंबर 12, इंद टोला, बड़हिया, लखीसराय
– रिंकू देवी (50 वर्ष), पति नीरज यादव, फरदा, थाना सफियासराय, जिला मुंगेर
– हेमलता देवी (55 वर्ष), पति सुरेंद्र यादव, कैंदी प्रतापपुर, थाना हलसी, जिला लखीसराय
– ललिता देवी, पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, थाना हलसी, जिला लखीसराय
