Sen your news articles to publish at [email protected]
आपके सामने एक नई दुनिया प्रस्तुत है: खेती, रोजगार, रोबोट और AI पर डॉ. योगेन्द्र की चिंता
जो दुनिया आपके सामने प्रस्तुत हो रही है, वह नये मिज़ाज की दुनिया है। मेरा गाँव अंदर से उजड़ गया। बहुत से नये घर बने हैं । पुरानों की मरम्मती हुई है। जिनके पास सिर्फ़ श्रम था, वे बड़े शहरों में चले गये। खेती और खेत पर गर्व होता था, अब दोनों गर्व के विषय नहीं रहे। खेती और खेत का रस खो गया। खेतों के केंचुए, घोंघे, मेंढक आदि मार दिए गए। बथान पर से बैल, बछड़े और गायें लुप्त हो गए। लोक रस, लोक गीत, लोक संबंध- सब बिखर गए।
कह सकते हैं कि दुनिया स्थिर नहीं रहती तो खेती बाड़ी स्थिर कैसे रहे? वक्त के साथ बदलाव होगा। करोड़ों लोग खेती में लगे हैं। खेत से ही सपने पलते थे। खेतों की क़ीमत नेताओं को पता नहीं था। वे पूँजीपतियों से चंदा लेने के लिए उसे छूट देते रहे। पूँजीपति अपने उत्पाद की क़ीमत तय करता है और किसान के उत्पाद की क़ीमत बाज़ार तय करता है। किसानों के हाथों से खेत और खेती दोनों छीना जा रहा है।
रोबोट और AI के दौर में इंसान के श्रम पर संकट
लोगों के पास काम नहीं है और एलन मस्क जैसे खाये पीये और अघाये लोग मुनाफा कमाने के लिए ऐसे रोबोट बना रहे हैं जो लोगों का काम कर देगा। अब आपके सामने वे ऐसा रोबोट ला रहे हैं जो फैक्ट्री के अलावे आपके घर के तमाम काम करेगा।
मनुष्य सभ्यता का विकास श्रम से हुआ है। लोभी, लालची और लुटेरे लोग मनुष्य से उसका श्रम छीनने में लगे हैं। मनुष्य मानसिक और शारीरिक दो तरह का श्रम करता है। मनुष्य शारीरिक और मानसिक श्रम को ज्यादा बेहतर ढंग से संपादित कर सके, इसके लिए उसने यंत्रों का विकास किया। यहां तक तो ठीक था।
अब मनुष्य पर दो तरफ़ा मार पड़ रही है। शारीरिक श्रम के विकल्प भी प्रस्तुत किया जा रहा है और मानसिक श्रम के भी। रोबोट शारीरिक श्रम से मनुष्य को बेदखल किया जा रहा है तो एआई के द्वारा मानसिक श्रम से। घर का सब काम रोबोट करेगा और एआई कहानी, कविता, वैचारिक लेख आदि लिखेगा।
एलन मस्क का ऑप्टिमस रोबोट और भविष्य की दुनिया
एलन मस्क की कंपनी है टेस्ला। उसने ऑप्टिमस नाम का ह्यूमनॉइड रोबोट तैयार किया है जो ह्यूमन यानी मनुष्य की तरह दिखेगा भी, उसी की तरह चलेगा भी और काम भी करेगा। इस रोबोट की ख़ासियत है कि आसपास के माहौल को समझ कर काम करेगा। वह झाड़ू- पोंछा तक करेगा ।
पूँजीपति हर वह जगह ढूंढते रहते हैं, जहाँ से टका मिलता रहे। ये पूँजीपति न पर्यावरण की चिंता करते हैं, न लोगों की। वे सिर्फ़ मुनाफा कमाना चाहते हैं।
AI डेटा सेंटर से बढ़ता पर्यावरण प्रदूषण
एआई के लिए जो डेटा सेंटर चलाए जा रहे हैं, उसकी क़ीमत लोग और प्रकृति चुका रहे हैं। दरअसल, डेटा सेंटर दिन-रात चलते हैं और इसके लिए भारी मात्रा में बिजली की जरूरत पड़ती है।
जब बिजली की मांग बढ़ती है, तो पावर ग्रिड को ज्यादा बिजली बनानी पड़ती है। इसके लिए कई जगह कोयले और गैस से चलने वाले बिजलीघर ज्यादा काम करने लगते हैं। इनसे नाइट्रोजन ऑक्साइड और सल्फर डाइऑक्साइड जैसी गैसें निकलती हैं, जो लोगों के लिए ख़तरनाक है।
अनुमान है कि साल 2023 में डेटा सेंटरों की बिजली की मांग से जुड़े अतिरिक्त प्रदूषण के कारण अमेरिका में करीब 650 लोगों की समय से पहले मौत हुई। हैरानी की बात यह है कि सबसे ज्यादा असर वर्जीनिया और टेक्सास जैसे डेटा सेंटर वाले इलाकों में नहीं, बल्कि आयोवा, नेवाडा, साउथ डकोटा और कंसास जैसे राज्यों में देखने को मिला। क्योंकि बिजली एक जगह बनती है, दूसरी जगह पहुंचती है और प्रदूषण हवा के साथ दूर तक फैलता है।
पर्यावरण की तबाही तो पहले से हो ही रही है। अब एआई के डेटा सेंटर इसमें अभूतपूर्व बढ़ोतरी कर रहे हैं।
