Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

प्रेम और कुंठा: समाज में प्रेम से इतनी नफरत क्यों? डॉ. योगेन्द्र का विचारोत्तेजक लेख

pem-or-kuntha
0 5

प्रेम और कुंठा
डॉ. योगेन्द्र

परसों राहुल गांधी ने जो कुछ माँ के बारे में प्यार से कहा, उसने बहुतेरे को बेचैन कर गया। सुप्रीम कोर्ट ने गर्भवती बिलकिस बानो के सामूहिक बलात्कारियों में से दो की सजा स्थगित करते हुए ज़मानत दे दी। इस पर बेचैनी नहीं हुई। ह्रदय नहीं काँपा। नैतिकता बनी रही। राहुल गांधी के वक्तव्य से धर्म के ठेकेदारों की छाती फटने लगी। सामूहिक बलात्कारियों के दोषियों को सुप्रीम कोर्ट ज़मानत दे सकता है तो समझिए कि हम किस दौर में हैं।

हम प्रेम से घबड़ाते हैं, नफ़रत से नहीं। नफरत हमारे जीवन में इतनी दूर तक प्रवेश कर गया है कि प्रेम की ध्वनि से ही घबरा जाते हैं। समाज की यह सरंचना प्रेम के लिए नहीं, नफरत को पोषण के लिए बनी है।

प्रधानमंत्री ने अपनी पत्नी को न तलाक दिया, न साथ रखा। उनकी पत्नी तरसती रही कि अपने पति के साथ रहे। लेकिन प्रधानमंत्री ने कभी तवज्जो नहीं दी। सवाल है कि ऐसा क्यों किया ? साथ नहीं रहना था तो तलाक़ दे देते। किसी के जीवन को इस तरह से प्रताड़ित करने का हक़ किसी को क्यों मिल जाता है? राजीव गांधी और सोनिया गांधी के प्रेम के ज़िक्र मात्र से नैतिकता घेरे में आ जाती है तो नरेंद्र मोदी- जशोदाबेन मोदी के ऐसे संबंध घेरे में क्यों नहीं आ जाते?

आधी आबादी को प्रताड़ित करना हम जैसे धर्म समझने लगे हैं। मारना- पीटना, गाली देना आम बात है। प्रेम में परिवार नहीं होता। सबकुछ तना रहता है। संबंधों में प्रवाह कम गुंठन ज्यादा रहता है। मुझे लगता है कि प्रेम और करुणा जीवन का सर्वोत्तम भाव है। दुर्भाग्यवश हमारे जीवन से ये दोनों भाव ग़ायब होते जा रहे हैं।

राजनेताओं की वाणी सुनिए तो लगता है कि क्रोध और नफ़रत की बारिश हो रही है। राम कथा कहने वाले वाचक कब नफरत कथा कहने लगते हैं कि पता नहीं चलता। कितने ही धार्मिक स्थलों से बलात्कार की सूचनाएँ आती रहती हैं। जहाँ अध्यात्म की फुहार बरसनी थी, वहाँ से व्यभिचार की कहानियाँ लिखी जाती हैं।

जातियों और संप्रदायों में विभक्त समाज में प्रेम घृणा की वस्तु है। हरियाणा की खाप पंचायतों का दस्तूर क्या है? अगर किसी लड़के ने विजातीय लड़की से प्रेम कर लिया तो समाज उसकी हत्या कर डालता है। यानी प्रेम करना जुर्म है।

अगर सभी ईश्वर की संतानें हैं तो प्रेम इतना संकुचित क्यों है? दरअसल ज़्यादातर धार्मिक लोग अधार्मिक होते हैं । उन्हें न ईश्वर में भरोसा है, न खुद में। वे ढोंग बहुत कर लेते हैं। पोशाक और देह में चंदन घिस कर वे धार्मिक बनना चाहते हैं, लेकिन वे परले दर्जे के अधार्मिक बने रहते हैं।

वैसे प्रेम सिर्फ़ स्त्री- पुरुषों के संबंधों का विषय नहीं है। वह तो हर शख्स में होना चाहिए। अपने से, परिवार से, पड़ोस से, समाज से , देश से और भूमंडल पर रहने वाले तमाम प्राणियों से हार्दिक संबंध होना चाहिए।

ह्रदय का बीज- भाव घृणा नहीं, प्रेम है। समाज की क्रूरता और आसपास के व्यवहार उसे नफरत से भर देता है। हम बच्चों को जुड़ना नहीं सिखाते, तोड़ना सिखाते हैं।

अभी समाज का ढाँचा देखिए। संयुक्त परिवार टूट चुका है। घर की बनावट भी ऐसी कि सभी की निजता बनी रहीँ। नतीजा होता है कि सभी अकेले होते जाते हैं। परिस्थितियाँ भावनाओं की उत्प्रेरक होती हैं।

Leave a comment