Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

जब हवा में नृत्य करते थे सपने

jab hawa mein nritya karte the sapne
0 17

लेखक: डॉ. योगेन्द्र

जब हवा में नृत्य करते थे सपने

दीपोत्सव गुजर गया। जहाँ रहता हूँ, वहाँ पटाखों का असर कम है। एक तो खुली जगह है। चारों ओर खेत, छोटे-छोटे घर और मिश्रित आबादी। तीन समुदाय के लोग हैं- हिंदू, मुस्लिम और आदिवासी। तीनों के अलग-अलग पर्व हैं। न यहाँ किसी तरह का शोर है, न हरे राम की ध्वनि तंग करती है, न अल्लाह हो अकबर की। सरना और ईसाइयों का अपना अंतर्द्वंद्व है, लेकिन कांय किच नहीं है। मंदिर है भी तो मौसमी है। दिन भर या रात भर कुछ नहीं चलता।

भागलपुर के किनारे से गंगा बहती है, लोग अतिरिक्त दिखावा करते हैं। धर्मभीरू तो हैं ही। मंदिरों से पाट दिया गया है। धर्म की ध्वनियाँ कर्कश हो गईं हैं। चूँकि रांची शहर से दूर रह रहा हूँ, इसलिए दूषण-प्रदूषण का असर कम दिखता है। हो सकता है कि शहर में पटाखों से परेशानी हुई हो। वैसे डेढ़ वर्ष बीच शहर में रहा, वहाँ भी भागलपुर की तरह परेशानी नहीं थी।

पर्व मनाएँ, लेकिन ऐसा न करें कि उससे वातावरण और लोगों की चेतना पर बुरा असर पड़े। घरों में दीपों का जलना बेहद आकर्षित करता है।

कृत्रिम प्रकाश से घर नहाता है, लेकिन चेतना तो दीपों से ही समृद्ध होती है।

गाँव की दिवाली और हुक्कापाती की यादें

ज़िंदगी में बहुत कुछ छुटता है और जुड़ता रहता है। गाँव में जब था तो दिवाली के साथ काली पूजा लगी रहती थी। दस पंद्रह दिन पहले से नाटकों का रिहर्सल शुरू हो जाता था। दिवाली में सनाठी, दीया और बीड़ी पटाखे। सनाठी से हुक्कापाती खेला जाता था। घर से दलिद्दर भगाने का उपक्रम।

सीरा ( देवी- देवता ) घर में दीया जलता था और उसी से हुक्कापाती लहकाया जाता था और फिर हर घर में जलते हुए हुक्कापाती को घुमाया जाता था। साथ ही ‘ लक्ष्मी घर, दलिद्दर बाहर ‘ की रट।फिर घर के बाहर उसे जलाया जाता था। जलते हुए हुक्कापाती पर पाँच बार छडपा जाता था।

फिर मुर्ग़ा छाप बीड़ी पटाखे। हाथ में पटाखे होते और उसे जलाकर हवा में फेंक दिए जाते। कभी कभी हाथ में ही पटाखे फूट जाते थे और हाथ की चमड़ी झुलस- सी जाती थी।

काली पूजा और गाँव के मेले की रौनक

रेल हावड़ा की ओर से आई। मुख्य ऑफ़िस भी हावड़ा में। इसलिए रेलवे की ज़्यादातर नियुक्तियों में बंगाली लोग नियुक्त हुए। चाहे टिकट कलेक्टर हो या स्टेशन मास्टर – वे बंगाली ही होते थे। वे अपने साथ काली को लेते आये। हर स्टेशन पर काली की मूर्ति बैठने लगी। काली पूजा का उत्सव धूम धाम से होने लगा।

हम बच्चों के लिए काली पूजा मौज मस्ती की चीज़ होती थी। पूजा तो मैंने कभी नहीं की। हाँ, बताशे बहुत खाये। काली पूजा में नाटक तो देखा ही जाता था। स्कूली दोस्त विभिन्न गाँवों से इकट्ठे होते थे। बलसाही, रसगुल्ले और घुपचुप। एक दूसरे से मजाक, परस्पर ठगी और छेड़खानी। गजब का समय था।

जब हवा में नृत्य करते थे सपने

हवा में सपने पलते थे और पांव धरती पर नहीं होते थे। दोस्तों का रंगारंग। वे दिन छूटते गए। दोस्तों ने अपनी अपनी राह ली। पहले पढ़ाई के लिए बिखरे और फिर नौकरी ने बिखराव पर ठप्पा लगा दिया।

एक अच्छी बात है कि ज़्यादातर दोस्त जीवित हैं। यों अब संबंधों में रस नहीं है। परिस्थितियाँ लगाव भी पैदा करती हैं। परिस्थिति बदलती है, लगाव का स्तर बदल जाता है।

Leave a comment