Sen your news articles to publish at [email protected]
मधुर मधुर मेरे दीपक जल: दिवाली पर डॉ. योगेंद्र का जीवन, संघर्ष और उम्मीद का संदेश
लेखक: डॉ. योगेंद्र
आज दिवाली है। दिवाली के पीछे कितनी कहानियाँ दबी हैं! कितनी दबाई गयी हैं, कहा नहीं जा सकता। लेकिन बचपन से दिवाली मुझे मोहती रही है। खास कर दीपक का मधुर मधुर जलना।
महादेवी वर्मा लिखती हैं न-
‘मधुर मधुर मेरे दीपक जल/ युग युग प्रतिदिन प्रतिक्षण प्रतिपल / प्रियतम का पथ आलोकित कर!’
युगों की साध रही है- जलता रहे दीपक और पथ पर फैले अँधेरे से लड़ता रहे, जूझता रहे।
निराला की पंक्तियां हैं-
‘है अमानिशा; उगलता गगन घन अंधकार;
खो रहा दिशा का ज्ञान; स्तब्ध है पवन-चार;।’
राम का हृदय थरथरा रहा है। अमित पराक्रमशाली रावण के सामने वे हार रहे हैं । यह राम और रावण का युद्ध मात्र नहीं है। बल्कि अन्याय जिधर है उधर शक्ति । शक्ति न्यायी के पास नहीं है। अन्यायी के पास है। राम दल बल के साथ अमा निशा में विचार कर रहे हैं । स्मृतियों में डूबे राम की आँखों से आँसू छलक पड़ते हैं ।
आदमी दूसरे से नहीं, अपने से हारता है। आत्मविश्वास का टूटना खुद से हारना है। राम निराश हैं । पराजित नहीं है। पराजय का भय है, लेकिन वे इस भय से उबरने का रास्ता ढूंढते हैं । वे अंतस् के दीपक को जलाते हैं ।
हम सब के अंदर भी पराजय के क्षण आते हैं । हताश और निराश होते हैं, लेकिन हमें हताशा में भी रास्ता ढूँढना है जीवन का। पर्वतों से झरती नदियाँ कितनी कठिनाइयों को झेलती है। रोड़े- पत्थरों से टकराती हुई, मधुर संगीत गाती हुई बढ़ती चलती हैं। हम सभी भी तो नदी की तरह हैं। नदियाँ सागर को प्राप्त करती हैं। हम सब भी मनुष्यता के सागर को प्राप्त करें। नदी का बुनियादी गुण है- बहाव। बहते रहना। ज़िंदगी भी वैसी ही होनी चाहिए। बहाव में भी जीवन है।
जीवन के कोलाहल में कई युवा इतने निराश होते हैं कि वे अपने जीवन को किसी पंखे से तो किसी रस्सी से ख़त्म कर डालते हैं । युवाओं को समझना चाहिए कि कोई भी दिन स्थिर नहीं होता। जीवन संघर्ष में ही ऊर्जस्वित होता है। मृत्यु को वरण करने से पहले संघर्ष कर लो। संघर्ष कर अपने को सार्थक कर लो। , नदियों की तरह इतरा लो। फूलों की तरह हवा में झूम लो। पत्तों की तरह सरसरा लो। खुले आसमान के चाँद को देखो। टिमटिमाते तारों से प्यार कर लो। मौत से पहले बहुत कुछ कर लेना है। जीवन के गीत गा लो।
भवानीप्रसाद मिश्र को कुछ नहीं मिला तो गीत बेचने लगें। गीतों में रंग भरने लगे-
“जी, गीत जनम का लिखूँ, मरण का लिखूँ,
जी, गीत जीत का लिखूँ, शरण का लिखूँ,
यह गीत रेशमी है, यह खादी का,
यह गीत पित्त का है, यह बादी का!
कुछ और डिज़ाइन भी हैं, यह इल्मी,
यह लीजे चलती चीज़, नई फ़िल्मी,
यह सोच-सोच कर मर जाने का गीत,
यह दुकान से घर जाने का गीत!
जी नहीं, दिल्लगी की इसमें क्या बात,
मैं लिखता ही तो रहता दूँ दिन-रात,
तो तरह-तरह के बन जाते हैं गीत,
जी, रूठ-रूठ कर मन जाते हैं गीत! “
दिवाली तो दीयों की है, रोशनी की, अँधेरे के खिलाफ युद्ध के ऐलान की। मुबारक हो दीपोत्सव। जलते हुए दीपक से पुनः कहें- मधुर मधुर मेरे दीपक जल।… प्रियतम का पथ आलोकित कर।
