Sen your news articles to publish at [email protected]
Depawali 2026 Patna Market: धनतेरस पर पटना के बाजारों में रौनक, लेकिन महंगाई ने फीकी की दिवाली की चमक
पटना | विशेष रिपोर्ट
Depawali 2026 Patna Market: दीपावली के महज दो दिन पहले हीं पटना की बाजार सज-धज कर तैयार थी. धनतेरस का त्योहार में लोग जम कर खरीदारी करते हैं। धनतेरस के मौके पर खरीदारी के लिए राजधानी पटना के बाजार पूरी तरह सज चुकी थी। शहर के प्रमुख बाजारों बोरिंग रोड, राजाबाजार और कंकड़बाग से लेकर कार्मेल हाई स्कूल और वीमेंस कॉलेज के आसपास तक दिवाली की रौनक देखने को मिली।
बाजारों में घरों को सजाने वाली रंग-बिरंगी आर्टिफिशियल लाइट्स, झालर, दीये, मोमबत्तियां, कालीन, मैट, सजावटी सामान, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, चुनरी और पूजा-पाठ की सामग्री की दुकानें सजी हुई थी। दुकानदारों को उम्मीद थी कि धनतेरस और दिवाली के दौरान बिक्री में तेजी आएगी।
महंगाई का असर साफ दिखाई दिया
हालांकि, बाजार में खरीदारों की मौजूदगी के बावजूद महंगाई का असर साफ दिखाई दिया। कई खरीदारों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार सामान की कीमतें बढ़ी हैं। ऐसे में लोग अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे हैं।
हमने बाजार में खरीदारी करने पहुंचे कुछ लोगों से बात की। उनका कहना है कि दिवाली के लिए लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और घर की सजावट का सामान खरीदने आए हैं। लेकिन महंगाई के कारण पहले की तरह खुलकर खरीदारी करना मुश्किल हो रहा है।

खरीदारों का मानना है कि जिस अनुपात में महंगाई बढ़ी है, उसके मुकाबले सामान की कीमतें भी बढ़ना स्वाभाविक है। फिर भी आम आदमी के लिए त्योहार का बजट संभालना चुनौती बन गया है। वहीं कंकडबाग टैम्पू स्टैंड के एक दुकानदार शजाद आलम ने बताया की पिछले साल की तरह इस बार बिक्री बहुत कम हुई। शजाद आलम ने आगे बताया कि इस बार बस पूंजी निकल जाए उतना ही काफी है। वहीं एक दुसरे पटाखे के दुकानदार मिंटू ने बताया की जो उम्मीद थी उससे भी कम इस साल बिक्री हुई बहुत सारे पटाखे पड़े ही रह रह गये। इस बार पूंजी तक निकालने में आफत आयी।
खरीदारी का स्तर अभी पहले जैसा नहीं
वही, अन्य दुकानदारों से जब पिछले साल की तुलना में इस बार की बिक्री के बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि बाजार में भीड़ तो दिखाई दे रही है, लेकिन खरीदारी का स्तर अभी पहले जैसा नहीं है। दुकानों पर सामान की पूरी वैरायटी मौजूद है, लेकिन ग्राहक उतनी संख्या में खरीदारी नहीं कर रहे हैं, जितनी उम्मीद थी।
कुछ दुकानदारों ने स्थानीय स्तर पर होने वाली अतिरिक्त वसूली और चंदा मांगने की समस्या का भी जिक्र किया। कुछ छोटे दुकानदार रोड़ के किनारे दूकान खोले थे उनसे भी उस जगह का उपयोग करने के लिए पैसा लिया गया। उनका कहना है कि छोटे कारोबारियों के लिए दुकान का किराया, सामान की लागत और अन्य खर्चों के बीच कारोबार चलाना आसान नहीं रह गया है।
लोग अपनी इच्छाओं में कटौती करने को मजबूर
पटना के कार्मेल हाई स्कूल और वीमेंस कॉलेज के बाहर लगे दिवाली बाजार का भी जायजा लिया। यहां हर साल की तरह इस बार भी दिवाली की सजावट से जुड़ी दुकानों की भरमार है। घरों को सजाने के लिए कालीन, मैट, लाइटिंग और कई तरह के सजावटी सामान उपलब्ध हैं।
लेकिन इस बाजार में भी दुकानदारों और खरीदारों की बातचीत से एक ही बात सामने आई—महंगाई।
खासकर गरीब और निम्न मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए त्योहार की खरीदारी करना मुश्किल होता जा रहा है। दिवाली जैसे त्योहार पर हर परिवार अपने घर को सजाना और खुशियां मनाना चाहता है, लेकिन सीमित आमदनी और बढ़ती कीमतों के कारण कई लोग अपनी इच्छाओं में कटौती करने को मजबूर हैं।
सवाल यह है कि जब त्योहार के बाजार में रौनक तो है, लेकिन आम आदमी की जेब पर दबाव है, तो क्या इस बार की दिवाली हर वर्ग के लिए उतनी ही खुशियां लेकर आयी?
