Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

ऑक्टोपस की भूख मिटती नहीं: पूंजी, सत्ता और धर्म के गठजोड़ पर डॉ. योगेन्द्र का तीखा प्रहार

ऑक्टोपस की भूख
0 12

ऑक्टोपस की भूख मिटती नहीं

सुबह ठंड भी थी और कुहरा भी। यों दूर पूर्व दिशा में सूरज का लाल गोला दिखाई पड़ रहा था। चिड़िया चुनमुन भी इधर-उधर बैठे, फुदकते और उड़ते दिखाई पड़ रहे थे। जंगली फूल सड़क के किनारे फूलते, झड़ते और मुरझाते अड़े-पड़े थे।

जंगली फूलों को किसी की प्रतीक्षा नहीं रहती। कोई उसका इंतज़ार नहीं करता, न वह किसी का इंतज़ार करता है। वह फूलता है, खिलता है, अपनी डालियों पर झूमता है, हवा में इतराता है। वह मस्तमौला बना रहता है। उसे जो मिला, उसी पर खुश रहता है।

बगिया के फूलों को तो बहुत कुछ चाहिए। सेवा-सत्कार और खाद-पानी। तभी तो निराला की कविता में कुकुरमुत्ता बोल उठता है-

“अबे, सुन बे, गुलाब,
भूल मत जो पाई ख़ुशबू, रंगोआब,
ख़ून चूसा खाद का तूने अशिष्ट,
डाल पर इतराता है केपीटलिस्ट!”

बगिया का फूल पूँजीपति है और सड़क किनारे खिले फूल सर्वहारा। बगिया का फूल ख़ून चूसता है और ‘कितनों को तूने बनाया है ग़ुलाम, माली कर रक्खा, सहाया जाड़ा-घाम।’ इसलिए कुकुरमुत्ता खींझ कर गुलाब से कहता है कि तू हरामी ख़ानदानी है।

भारत हरामियों से परेशान हैं। करोड़ों लोगों के संसाधन लूट कर मौज-मस्ती कर रहा है। उसे सब कुछ चाहिए- जल, सीमेंट, ज़मीन, कल-कारख़ाने, जंगल, खेती, बाज़ार, सत्ता। उसकी भूख बेपनाह है। पेट है जो खाली का खाली रहता है।

इनकी वजह से ही देश में नक्सल बनते हैं। ख़ून-खराबे की वजह यही लोग हैं। ऑक्टोपस बने फिरते हैं सफेद कपड़ों में। देश की भोली-भाली जनता पाँच किलो अनाज पर नृत्य कर रही है और ये जनता के टेटुए दबा रहा है।

मरियल मुख्यमंत्री दावा कर रहा है कि नरेंद्र मोदी पाँच किलो अनाज दे रहा है। नरेंद्र मोदी एक किलो अनाज नहीं उपजाते। न उनकी इतनी हैसियत है कि देश तो क्या, एक गांव को दस दिन तक खिला सकें। देश के किसानों का ही उपजाया हुआ अन्न है।

जो सत्ता में उल्टे-सीधे कर पहुँच गए, वे अपने को विष्णु का अवतार समझने लगते हैं, जबकि उनकी वास्तविक हैसियत सड़क छाप की है। विष्णु के अवतार इतना झूठ बोलते हैं कि गांव का एक नंबर का झूठा भी नहीं बोल सकता। वे इतने रंग बदलते हैं कि गिरगिट ने भी माफ़ी मांग ली है।

कुछ करो, न करो। अपनी बात पर कायम रहो। बार-बार रंग बदलना आदमी का लक्षण नहीं है। ये लोग कितने बेशर्म हैं कि श्रीराम का चंदा चुरा लेते हैं। मैं न खाऊँगा, न खिलाऊँगा, ऐसे लोग देश को ही निगलने के लिए तैयार हैं।

धर्म-शिक्षा में एक से एक उल्लू हैं। रामभद्राचार्य से लेकर धीरेंद्र शास्त्री तक। सत्ता से इनकी गाढ़ी छनती है। ये लोग कुछ भी बोल सकते हैं। इनकी बातों का सनातनी बुरा नहीं मानते।

राहुल गांधी अगर कह दें कि श्रीराम को पाँच बाप थे, तो धर्मरक्षक अपनी-अपनी बिलों से निकल कर हल्ला मचाने लगेंगे। सड़कों पर हंगामा और कोर्ट में प्राथमिकी दर्ज करवायेंगे, लेकिन अभी नील बटा सन्नाटा है। मोहन भागवत को भी उनकी बातों से कोई परहेज नहीं है।

दरअसल अधार्मिक लोगों का धार्मिक स्थलों पर क़ब्ज़ा हो गया है। मैंने आशाराम से आशीर्वाद लेते हुए अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी की तस्वीर देखी है। धीरेंद्र शास्त्री को तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छोटा भाई मानते हैं।

Leave a comment