Sen your news articles to publish at [email protected]
लेखक पंकज- समाजकर्मी और विश्लेषक
छ्ठी मईया की पूजा बिहार का सबसे बड़ा उत्सव है। इस पूजा की धूम तीन-चार दिनों तक रहती है। यह पर्व प्रायः सभी जाति समुदाय के लोग करते हैं। किसी भी दूसरे पर्व के मुकाबले इसमें स्वच्छता और पवित्रता का विशेष जोर रहता है।
इस मौके पर घाटों की सफाई, नदी-तालाब में फैले घास, सेवाल, पलास्टिक, कचरे सभी गंदगियां दूर हो जाती हैं। नदी-नालों के दिन बहुर जाते हैं।
छठ के प्रसाद वाली सुपली दर्जन भर से ज्यादा प्रकार के फल और सब्जियों से भर जाती हैं। सुथनी से लेकर कोन तक। प्रकृति का पूरा सम्मान देखने को मिलता है। छठ घाट की तैयारी में सामूहिक भागीदारी भी सराहनीय है।
लेकिन छठ बीतने के तत्काल बाद ही चार दिनों की चांदनी और फिर अंधेरी रात वाली कहावत लागू हो जाती है। हमीं लोग तो तालाब, नदी, नाले 360 दिन पलास्टिक और कचरे से भरते हैं और साल में चार-पांच दिन साफ-सफाई कर गंगा नहा लेते हैं।
डोम के बनाए सुपली और दउरी से छठ की पूजा होती है पर घाटों पर पवित्रता और स्वच्छता की चादर ओढ़े लोग अलग-अलग जाति समूह में बैठते हैं।
छ्ठी मईया की पूजा तो खूब होती है पर हमारे घर और पड़ोस में मईयां/ बेटियों/ पतोह/ सास की कैसी और कितनी पूजा और इज्जत होती है, यह बात छुपी नहीं है। क्या छ्ठी मईया को पूजने वाली महिलाएं अपनी मईया से कुछ सीख क्यों नहीं लेतीं?
अगर गांव-घर में बेटियां सुरक्षित नहीं, वे पढ़ती नहीं, उनको इज्जत नहीं तो मईया की पूजा का क्या मतलब?
काश! हमारा तन और मन लोक पर्व छ्ठ मईया से तीन-चार दिन ही नहीं बल्कि पूरे साल भर के लिए पवित्रता, स्वच्छता और बेटियों को पढ़ाने तथा उनके जीवन की सुरक्षा की सीख ले पाता।
