Sen your news articles to publish at [email protected]
विचित्र किंतु सत्य: जिस संविधान में ‘हिंदू राष्ट्र’ नहीं, उससे भाजपा-संघ का अचानक प्रेम क्यों? गोलवलकर-सावरकर के तर्क और 42वें संशोधन का सच
विचित्र किंतु सत्य
भाजपा और संघ जमात को संविधान और लोकतंत्र की चिंता होने लगी है!
विपक्ष के हमलों के जवाब में भाजपा देश भर में लोकतंत्र बचाने के लिए पदयात्रा कर रही है! प्रधानमंत्री ने नौ नवंबर को सीआरपीएफ जवानों को संबोधित करते हुए (असल में पूरे देश को सुनने के लिए) खुद से असहमत और सभी आलोचकों को ‘दिमागी नक्सल’ घोषित करते हुए सावधान किया कि ये लोगों को संविधान के खिलाफ उकसा रही हैं!
वैसे भी देश पिछले कुछ वर्षों के दौरान संविधान मोदी जी और इस जमात का उमड़ते प्रेम का गवाह रहा है। हर वर्ष 26 जून को ये इमरजेंसी को याद करते हुए ‘संविधान हत्या दिवस’ का आयोजन करते हैं। इंदिरा गांधी पर ‘संविधान की हत्या’ करने के पुख्ता प्रमाण के रूप में ये इमरजेंसी में संविधान की प्रस्तावना में सेकुलर और समाजवाद शब्द जोड़ने (42 वां संशोधन) का उदाहरण देते हैं।
हालांकि ये इस बात को गोल कर जाते हैं कि 1977 में जनता पार्टी सरकार ने जब 42 वें संविधान संशोधन को रद्द किया, तब प्रस्तावना में जोड़े गये उन शब्दों को हटाना जरूरी नहीं समझा! उसके बाद भी केंद्र में सहयोगी दलों के साथ भाजपा सत्ता में रही, लेकिन उन शब्दों को हटाने का प्रयास भी नहीं किया! यानी संशोधित प्रस्तावना पर सर्वदलीय सहमति है, संसद की मुहर तो लगी हुई है ही।
मगर असल में वे दो शब शब्द इनको हमेशा से चुभते रहे हैं, पहले यह बात जुबान पर इस तरह नहीं आती थी, अब शायद जोर से चुभने लगे हैं! इसके कारणों को समझना कठिन नहीं है।
पहले यही देख लेते हैं कि भारतीय संविधान के बारे में इस जमात को दो सबसे आदरणीय और ‘सिद्धांतकारों’- गोलवलकर और सावरकर ने क्या कहा था! दोनों की आलोचना एक जैसी नहीं थी, पर एक बात पर में दोनों की राय एक थी- संविधान में ‘भारत की आत्मा’ नहीं है!
संविधान पर संघ के दूसरे सरसंघचालक गोलवलकर के मुख्य तर्क : ये नकल है, अपना नहीं है- ‘हमारा संविधान पश्चिमी देशों के संविधानों के अलग- अलग अनुच्छेदों का बोझिल और बेमेल जोड़ है। इसमें ऐसा कुछ भी नहीं, जिसे अपना कहा जा सके।‘ उनका सवाल था- ‘इसमें हमारे राष्ट्रीय मिशन, स्वराज्य, धर्मराज्य का कोई ज़िक्र क्यों नहीं है? प्रस्तावना में स्वराज, धर्मराज्य जैसे भारतीय शब्द क्यों नहीं हैं?’
[उनकी किताबों ‘We or Our Nationhood Defined’ (1939) और ‘Bunch of Thoughts’ (विचार नवनीत, 1966)- में यह सब दर्ज है।}
इसमें ‘मनुस्मृति’ नहीं है- संघ का यही सबसे बड़ा आरोप था। 30 नवंबर 1949 को, संविधान बनने के 4 दिन बाद, संघ के मुखपत्र Organiser ने लिखा : ‘हमारे संविधान में प्राचीन भारत के अनूठे संवैधानिक विकास का कोई ज़िक्र नहीं। मनु के कानून लाइकर्गस और सोलन से बहुत पहले लिखे गए… आज भी मनुस्मृति के कानून दुनिया में आदर पाते हैं। पर हमारे संविधान-पंडितों के लिए इसका कोई मतलब नहीं।‘
गोलवलकर के अनुसार भी मनु ‘पहले, सबसे बड़े और सबसे बुद्धिमान विधि-निर्माता’ थे। संविधान में ‘मनुस्मृति’ का न होना, उनके लिए ‘आत्मा’ का न होना था।
उधर डॉ अंबेडकर ने ‘मनुस्मृति’ को इसके ठीक उल्टा माना था- भेदभावपूर्ण वर्ण व्यवस्था का पोषक और स्त्री-विरोधी ग्रंथ; इसी कारण 1927 में ही उसे जलाया था। इसीलिए यह टकराव इतना गहरा है।
गोलवलकर कहते थे- राष्ट्र ज़मीन के टुकड़े से नहीं बनता, हिंदू संस्कृति, हिंदू परंपरा, हिंदू आकांक्षा से बनता है। संविधान का ‘क्षेत्रीय राष्ट्रवाद’, ‘जो इस ज़मीन पर रहता है, वह भारतीय है’ उन्हें मंज़ूर नहीं था। उनके हिसाब से हिंदुस्तान में सिर्फ ‘हिंदू ही राष्ट्र’ हैं। मुसलमान-ईसाई को या तो हिंदू संस्कृति अपनानी होगी, या बिना अधिकारों के रहना होगा। संविधान का अनुच्छेद 25 (धर्म की स्वतंत्रता) और अल्पसंख्यक अधिकार इसी वजह से उन्हें खटकते थे।
संघीय ढांचा गलत है : उन्हें राज्यों को शक्ति देने वाला फेडरल सिस्टम पसंद नहीं था। वह कहते थे- देश एक है, लोग एक हैं, तो एक ही सरकार, एक ही विधानमंडल होना चाहिए। फेडरलिज़्म अलगाववाद को जन्म देता है।
विपक्षी दल और संविधान के अनेक जानकार वर्तमान सरकार आरोप भी लगते हैं कि लगातार संघीय ढांचे को कमजोर करने का प्रयास कर रही है.
विनायक दामोदर सावरकर (हिंदू महासभा) की आलोचना दार्शनिक अधिक थी, और ‘हिंदुत्व : हू इज़ ए हिंदू?’ (1923) से जुड़ी थी। उनका प्रसिद्ध वाक्य, जिसे राहुल गांधी ने दिसंबर 2024 में लोकसभा में भी उद्धृत किया : ‘भारतीय संविधान की सबसे बुरी बात ये है कि इसमें कुछ भी भारतीय नहीं है। मनुस्मृति वह शास्त्र है जो वेदों के बाद हमारे हिंदू राष्ट्र के लिए सबसे पूजनीय है… सदियों से इसने हमारे राष्ट्र की आध्यात्मिक और दैवीय यात्रा को संहिताबद्ध किया है। आज मनुस्मृति ही कानून है।‘
उनके मुख्य तर्क : यह संविधान विदेशी है। ब्रिटिश संविधान सभा की देन है, संविधानसभा जनता के ‘स्वतंत्र चुनाव / जनमत-संग्रह’ से नहीं बनी थी।
हिंदू राष्ट्र का ज़िक्र नहीं : इसमें हिंदू को राष्ट्र की आत्मा नहीं माना गया, बल्कि सब धर्मों को बराबर मान लिया गया। सावरकर के लिए पितृभूमि + पुण्यभूमि दोनों भारत में होना ही हिंदू होने की शर्त थी।
‘अखंड भारत’ का ज़िक्र नहीं- ‘Union of India’ शब्द उन्हें विभाजन की याद दिलाता था। वह अखंड हिंदुस्तान- सिंधु से सागर तक- चाहते थे।
तो जिस संविधान में ‘हिंदू राष्ट्र’ का ज़िक्र नहीं है, उससे भाजपा को इतना लगाव हो गया, यह कुछ अटपटा नहीं लगता?
