Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

Anant Singh Daughter Wedding: अनंत सिंह की बेटी के ब्याह में नंगे होते लोग, बिहार की दुर्दशा पर डॉ. योगेंद्र का सवाल

anant-singh-daughter-wedding-bihar-durdasha
0 30

अनंत सिंह की बेटी के ब्याह में नंगे होते लोग

मैं भुक्खड़ों के देश के वासी हूँ। अनंत सिंह की बेटी की शादी में मैं आदमी को मरते देख रहा हूँ। अपार भीड़ के बीच पत्तल फेंके जा रहे हैं और भीड़ खाने के लिए पत्तल लूट रही है। अस्सी बरसों के लोकतंत्र में बिहार की यह दुर्दशा हो गयी। आदमी अंदर से कंगाल हो गया। थोड़ी भी झिझक नहीं हुई। भिखारी फिर भी अच्छा है कि उसने घोषित कर दिया है। ये लोग तो भिखारियों से भी गये गुजरे हैं। अनंत सिंह ने तो बिहारियों का अपमान किया ही है, बिहारी भी अपमान के लायक ही हैं।

अपनी बेटी के सम्मान में हज़ारों लोगों को अपमानित करने का अपराधी

अनंत सिंह अगर सम्मान के साथ भोजन उपलब्ध नहीं करवा सकते थे तो सबको न्योत क्यों रहे थे? अपनी बेटी के सम्मान में हज़ारों लोगों को अपमानित करने का अपराधी तो वे हैं ही, लेकिन उन्हें क्या कहा जाय तो पुलाव और पूड़ी खाने के लिए अपने को अपमानित करते रहे। ऐसा समाज ईमानदारी और आदमीयत की क्या बात करेगा? अपना सबकुछ खोकर क्या जीना और क्या मरना?

पिछले कुछ बरसों से देख रहा हूँ कि नेताओं ने मुफ़्तख़ोरी के लिए जनता को तैयार किया है। जनता टका में बिक रही है। पाँच किलो अनाज खाकर अपना क़ीमती वोट दे रही है। तुम्हारे खाते में इतना देंगे- जनता उस पर टूट पड़ती है। बिहार के नेताओं ने बिहारी के मन में दरिद्रता भर दी है। क्या देश इसलिए आज़ाद हुआ था? लोगों की क़ुर्बानी क्या इसलिए थी? बिहार का दावा है कि वैशाली की आँगन ले लोकतंत्र शुरू हुआ। नालंदा, विक्रमशिला जैसे पुराने शिक्षण संस्थान थे। बुद्ध यहाँ के चप्पे चप्पे में है।

बिहार की धरती विद्रोही है

यहां की धरती विद्रोही है। वह दूसरे के लिए मरती और जीती है। राजेंद्र प्रसाद, जयप्रकाश नारायण, रेणु , दिनकर , आर्यभट्ट, चाणक्य, महावीर, , अशोक जैसे लोग हुए। इनके अलावे अनेक विचारक, वैज्ञानिक, समाजशास्त्री, लेखक आदि हुए । इस बिहार की हालत यह है कि उसका सत्व मर गया है। यहां से लोग यों ही पलायन नहीं करते और पूरे देश में गालियाँ सुनते रहते हैं।

अनंत सिंह की बेटी की शादी में जो तमाशा हुआ, वहां ईडी, सीबीआई क्यों नहीं है? अनंत सिंह ने आन कैमरा स्वीकार किया कि उसने नीतीश कुमार के लिए नौ मर्डर किये । शासन प्रशासन क्या मर गया है? कोर्ट की आत्मा टें बोल गई है?

और धन्य हैं वे बिहारी जिनको पत्तल लूटने में शर्म नहीं आई? ऐसा खाना खाने से बेहतर होता कि डूब मरते । ऐसे लोग जब नयी पीढ़ी को जन्म देंगे तो वह पीढ़ी कैसी होगी?

बिहार देश को रास्ता दिखाता है

वोट चोरी इसके लिए क्या मायने रखती है जिसकी आत्मा की चोरी हो गई है। कहा जाता था कि बिहार देश को रास्ता दिखाता है। वह रास्ता क्या दिखायेगा, जिसकी आत्मा मर गई है। बीस बरस तक नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहे। यही बिहार आपने बनाया? इस अनंत सिंह को आप पालते रहे। पूरे बिहार में ख़ाक नीतीश संवाद होगा। पुल पुलिया तो आपके राज में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता ही रहा , आदमी को अंदर से खोखला कर दिया। आदिवासियों को आप सब अच्छी निगाह से नहीं देखते, लेकिन यह समाज कभी भिखमंगा पैदा नहीं करता। बिहार को अपने बेटे- बेटियों के बारे में नये सिरे से सोचना है। बीजेपी सनातन सनातन बरसों से कर रही है। यही हैं सनातनी? यही पैदा किया है आरएसएस- बीजेपी ने? यही लोग देश को विश्व गुरु बनायेंगे?

Leave a comment