Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

आसमान से बरसता ज़हर और किसानों का कॉंपता ह्रदय: असमय बारिश से तबाही, किसान की पीड़ा पर डॉ. योगेन्द्र ने उठाए सवाल

asaman se barasata jahar
0 27

आसमान से बरसता ज़हर डॉ. योगेन्द्र का विचार लेख: लगातार हो रही असमय बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार हो रही धान की फसल, कटाई के बाद खेतों में पड़ी उपज और किसानों की मेहनत पर संकट मंडरा रहा है। डॉ. योगेन्द्र ने अपने लेख में किसानों की पीड़ा, खेती की मौजूदा व्यवस्था, कॉरपोरेट पूंजी के बढ़ते प्रभाव और सरकार की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
‎
‎रह-रह कर नहीं, लगातार बारिश हो रही है। यह बारिश कोई सपने नहीं जगाती। असमय बारिश खेतिहर किसानों के लिए संकट खड़ी करती है। धान अभी तैयार हो रहा है। कुछ काटे गए हैं। कुछ काट कर खेत में पातन पर हैं। कुछ अटियाये गये हैं। किसानों का कलेजा कटता है। उनकी तकलीफें उन्हें नहीं मालूम, जिन्हें वेतन और पेंशन मिलता है। अपने साफ-सुथरे घरों में पड़े हैं।
‎
‎मैंने इधर किसान केंद्रित तीन उपन्यास पढ़े- पकंज सुबीर का ‘अकाल में उत्सव’, मधु कांकरिया का ‘ढलती सांझ का सूरज’ और संजीव का ‘फाँस’। यों मैंने शिवमूर्ति का उपन्यास ‘अगम बहै दरियाव’ भी पढ़ा, लेकिन यह उपन्यास किसान केंद्रित नहीं है, गाँव केंद्रित है। यह उपन्यास ‘गोदान’ की परंपरा में नहीं है, बल्कि फणीश्वरनाथ रेणु के उपन्यास ‘मैला आँचल’ की परंपरा में है।
‎
‎असमय की बारिश से तबाही का जीवंत चित्रण पकंज सुबीर ने किया है। ऐसी असमय बारिश के कारण उस उपन्यास का नायक ‘रामप्रसाद’ आत्महत्या कर लेता है। सच पूछिए तो अभी पूरे प्रशासन और जन प्रतिनिधियों को किसानों की तकलीफें दूर करने में लग जानी चाहिए, लेकिन हम सब तो बेकार की बहसों में खोये रहते हैं।
‎
‎राधे-राधे, राम राम, कृष्ण कृष्ण- एक अंतहीन बहस में देश की अंतरात्मा मर रही है। आपको भक्ति करना है, कीजिए। भक्ति को ज़हर मत बनाइए जो देश की आत्मा की हत्या कर दे। कोई भी कथावाचक लाखों रुपए की फीस लेता है। धर्मभीरू जनता उसमें लगी रहती है, जबकि सच्चाई यह है कि उसके प्रवचन में न सच्चाई होती है, न भक्ति। जनता के मानस में नफरत का बीज डालता रहता है।
‎
‎खैर। मैं सोचता हूँ कि किसान का जिगरा कितना मज़बूत होता है। अपनी कमाई को अपनी आँखों के सामने डूबते हुए देखता है और तब भी उसकी धड़कनें बची रहती हैं। उसके सारे सपने टूट रहे होते हैं और वह अपने बच्चों के सामने आँसू भी नहीं बहाता। परिवार के लिए खाना, बच्चों की पढ़ाई, उसकी शादी और न्यौता-पिहानी- सबकुछ तो फ़सल पर ही निर्भर है।
‎
‎भारत को तरक़्क़ी करनी है तो खेतीबाड़ी के सिस्टम को मज़बूत करना ज़रूरी है। भारत का बजट किसान केंद्रित बनना चाहिए, कॉरपोरेट केंद्रित नहीं। पिछले कुछ बरसों में किसानों को बहकाया गया, इस नाम पर कैश क्रॉप उपजाओ। यानी बाज़ार के लिए पैदावार। इस अभियान में सरकार ने पूँजीपतियों को मुनाफा कमाने के लिए भेज दिया।
‎
‎फ़सलों के लिए बीज, खाद और कीटनाशक- पूँजीपति बेचेगा। बीज भी टर्मिनेटर। यानी जिस बीज का आपने एक बार इस्तेमाल कर लिया, उससे कोई नया बीज नहीं बनेगा। बीज के लिए बार-बार पूँजीपतियों का मुंह जोहना होगा। नयी तकनीक के नाम पर किसानों के बथान उजड़ गए। ट्रैक्टर को किराए पर लेकर खेत जुतवाने का सिलसिला शुरू हुआ और खेतीबाड़ी का चक्र टूट गया।
‎
‎किसान अपने खेत, बीज और खाद का मालिक नहीं रहा। वह क्रमशः गुलाम होता गया। किसान और उसकी संतानें खेतीबाड़ी की हालत देखकर शहर की ओर मुख़ातिब हुए। भारत गाँवों का देश था और गाँव उजड़ते चले गये।
‎
‎अगर ज़मीन को लूटने का साधन नहीं बनाते तो देश में बेरोजगारी भी कम होती। मनुष्य का जीवन तभी सफल होता है, जब वह सृजनशील हो और देश की सफलता तभी संभव है, जब पैदावार हो। आदमी और समाज के अंदर हुनर का विकास ही देश को उन्नत करता है, लेकिन हमें धर्म थमा दिया गया है और लूटने के लिए पूँजीपतियों को खुल्ला छोड़ दिया गया है।

Leave a comment