Sen your news articles to publish at [email protected]
Patna Traffic Alert: गांधी मैदान एरिया में आज गाड़ियों की एंट्री बंद, रूट डायवर्ट
Patna Traffic Alert: पटना के गांधी मैदान के आसपास आज गाड़ियों की नो एंट्री रहेगी। विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिलाएं आज पटना पहुंचेंगी और वे महिला आरक्षण विधेयक के पारित न होने के विरोध में आक्रोश मार्च में भाग लेंगी। इस मार्च की शुरुआत बापू सभागार से होगी।
इस कार्यक्रम में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पटना के ट्रैफिक पुलिस ने गांधी मैदान और उसके आसपास के क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था तैयार की है। ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने नागरिकों से ट्रैफिक पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। इसके तहत गांधी मैदान के चारों ओर ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर रोक लगाई गई है।
एक्जीबिशन रोड और एसपी वर्मा रोड के आसपास विशेष व्यवस्था
दानापुर से राजापुर पुल के रास्ते आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को अब पुलिस लाइन से दानापुर की दिशा में मोड़ दिया जाएगा। अशोक राजपथ से गायघाट की ओर आने वाली गाड़ियां कृष्णा घाट के पास स्थित कुनकुन सिंह लेन से आगे बढ़ सकेंगी।
एक्जीबिशन रोड और एसपी वर्मा रोड के आसपास भी विशेष व्यवस्था की गई है। एक्जीबिशन रोड पर भट्टाचार्या चौराहे से गांधी मैदान तक ऑटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे। वहीं, एसपी वर्मा रोड से आने वाली गाड़ियां स्वामीनंदन तिराहा तक आ सकते हैं, और वहां से बाटा मोड़ का उपयोग करते हुए लौटना होगा। बुद्धमार्ग और छज्जूबाग से टीएन बनर्जी पथ तथा कोतवाली की दिशा में भी इसके तहत परिवर्तनों का पालन किया जाएगा।
यहां पार्किंग की व्यवस्था का विवरण दिया गया है
- जेपी सेतु से आने वाली गाड़ियों का पार्किंग गंगापथ पर आयुक्त कार्यालय 2 के सामने पश्चिम दिशा में होगी। वहीं, गांधी सेतु से आने वाली गाड़ियां पूर्व दिशा में पार्क की जाएंगी।
- छोटी गाड़ियों को गंगापथ पर आयुक्त कार्यालय के सामने पूर्व-पश्चिम एक लेन में पार्क किया जाएगा।
- आरा, बक्सर, औरंगाबाद, अरवल, और पटना जिले के पश्चिम भाग से आ रही गाड़ियां एम्स एलिवेटेड रोड से दीघा गोलंबर होते हुए, जेपी गंगापथ पर आयुक्त कार्यालय के सामने पश्चिम निर्धारित स्थान पर एक लेन में पार्क की जाएंगी।
- पदाधिकारियों की छोटी गाड़ियों के लिए पार्किंग बापू सभागार के पार्किंग क्षेत्र में उपलब्ध होगी।
- गया और लखीसरा से आ रही गाड़ियां भी इसी व्यवस्था के तहत पार्क की जाएंगी।
