Sen your news articles to publish at [email protected]
Patna Violence Case: 24 FIR दर्ज, 258 गिरफ्तार; 6000 अज्ञात की तलाश
Patna Violence Case: पटना में 22 और 25 जुलाई को हुए उग्र प्रदर्शनों के बाद पुलिस ने मजबूती से कार्रवाई की है। इन कार्रवाईयों के तहत कोतवाली, गांधी मैदान, पाटलिपुत्र और सचिवालय थानों में कुल 24 एफआईआर दर्ज हुई हैं।
विभिन्न थानों की पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 258 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
जानकारी के मुताबिक, गांधी मैदान थाना पुलिस ने सबसे ज्यादा 138 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कोतवाली थाना पुलिस ने 49 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
30 लड़कियों को बाद में निजी ज़मानत पर रिहा
इससे पहले, 53 और 19 मामलों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए, हिरासत में ली गई 30 लड़कियों को बाद में निजी ज़मानत पर रिहा कर दिया गया था।
पुलिस ने इस हिंसक प्रदर्शन के संदर्भ में सख्त कानूनी कदम उठाए हैं। दर्ज की गई रिपोर्टों में 285 व्यक्तियों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि लगभग छह हजार अज्ञात उपद्रवी भी इस मामले में शामिल हैं।
पुलिस इस समय वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य सबूतों के आधार पर अज्ञात प्रदर्शनकारियों की पहचान करने में जुटी हुई है, जिसके चलते आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
सिपाहियों सहित कुल 43 पुलिसकर्मियों को चोट
प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक झड़प और पुलिस लाठीचार्ज में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस विभाग के आईजी, थानेदार, सब-इंस्पेक्टर और सिपाहियों सहित कुल 43 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।
दूसरी ओर, प्रदर्शन में शामिल 300 से अधिक छात्र भी घायल हो गए हैं। इनमें से करीब 60 छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। भगदड़ और पुलिस की लाठीचार्ज के दौरान कई छात्रों के सिर पर गंभीर आघात पहुंचे हैं, जबकि कुछ के हाथ-पैर टूटने की भी खबरें आई हैं।
उग्र प्रदर्शन के कारण शहर के प्रमुख हिस्सों में संपत्ति को भी काफी नुकसान हुआ है। गांधी मैदान और कोतवाली थाना क्षेत्रों में प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई हिंसा में पुलिस और आम जनता की कुल 11 गाड़ियों को क्षति पहुंचाई गई।
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह सामान्य हो चुकी है। उन्होंने बताया कि तस्वीरों में दिखाए गए घटनाक्रम के बाद 50 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
