Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

Bihar Cabinet Expansion: रोहिणी आचार्य का बड़ा हमला, निशांत की मंत्री पद पर एंट्री को बताया ‘शार्टकट’

bihar cabinet expansion rohini acharya attacks nishant entry 20260508 075009 0000
0 12

Bihar Cabinet Expansion: आज, 7 मई को बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। पटना के गांधी मैदान में एक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जेडीयू के प्रमुख नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार सहित 32 अन्य व्यक्तियों ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सभी को पद तथा गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद कई नेताओं ने निशांत कुमार को बधाई दी। वहीं, लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत पर तंज कसते हुए उन्हें मंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं।

रोहिणी का निशांत कुमार पर कटाक्ष

लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी ने निशांत कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि उसने बिना चुनाव लड़े शॉर्टकट से मंत्रिमंडल में एंट्री पाई है। रोहिणी आचार्य ने अपने ‘एक्स’ प्लेटफॉर्म पर ट्वीट करते हुए कहा, “चोर दरवाजे से मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए भाई निशांत को बधाई और शुभकामनाएं। इस एंट्री के लिए वास्तव में अनैतिकता के प्रतीक, लेकिन स्वयं को नैतिक बताने वाले चाचा जी को भी ढेरों बधाई। 2005 से पहले ये सब नहीं होता था, चाचा रंगबदलू।”

पिछले महीने जब सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने, तो निशांत कुमार ने उपमुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया था। लेकिन, जेडीयू के भीतर बढ़ती असुरक्षा और भविष्य की राजनीतिक संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए, पार्टी के नेताओं के बढ़ते दबाव के चलते उन्होंने मंत्री पद स्वीकार किया। शपथ लेने से पहले निशांत कुमार ने सार्वजनिक मंच पर अपने पिता नीतीश कुमार, अमित शाह और पीएम मोदी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

मंगल पांडेय को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर चर्चा का बाजार

सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में कई नेता शामिल हैं, जो पिछले साल नीतीश कुमार की एनडीए सरकार में मंत्री रह चुके थे। इसमें झंझारपुर के विधायक नीतीश मिश्रा की भी वापसी हुई है। वे उद्योग राज्य मंत्री के रूप में अपने प्रभावी कार्य के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने शीर्ष नेतृत्व पर सकारात्मक असर डाला था। हालांकि, 2025 की नीतीश सरकार में उन्हें फिर से मंत्री के पद पर नहीं रखा गया था।

पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर चर्चा का बाजार गर्म है। पांडेय कई वर्षों तक राज्य सरकार में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी निभाते रहे हैं। इसके अलावा, वे पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रभारी भी रहे। हाल ही में राज्य में पार्टी की सफलता को देखते हुए अटकलें थीं कि उन्हें अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मंत्री बनाया जा सकता है।

Leave a comment