Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

बुद्ध की करुणा, यशोधरा की तपस्या और स्त्री की अनकही पीड़ा | डॉ योगेन्द्र

buddh-ki-karuna-stri-ki-tapasya-aur-chuppiyan
0 29

की करुणा, यशोधरा की तपस्या और स्त्री की अनकही पीड़ा

आदमी जब चुप रहता है, तब भी चुप कहाँ रहता है? वह लगातार संवाद करता रहता है- खुद से, दिमाग पर छायी रिश्तेदारी से, तारों पर बैठी चिड़िया से, पेड़ों के झड़ते पत्तों से। वह आसमान में उगते सूरज और आसमान के कोने में ठहरे उजले बादलों के टुकड़ों से भी संवाद करता रहता है। ठहराव उसके जीवन में है नहीं। हर क्षण बदलता रहता है। कुछ बदलाव तुरंत दिख जाते हैं, कुछ वर्षों बाद दिखाई पड़ते हैं। घनघोर सन्नाटे में भी आदमी बजता रहता है। ‘ चोर मचाए शोर ‘ फ़िल्म का एक गाना है- घुँघरू की तरह बजता रहा हूँ मैं। इस गाने का अंतिम पैरे की ये पंक्तियाँ मुझे आकर्षित करती हैं – ‘ ‘ अपनों में रहा या ग़ैरों में/ घुँघरू की जगह तो है पैरों में/।’ किशोर कुमार की दिलकश आवाज़ की अंतर्ध्वनि चेतना को करुण बना देती है। छठ के गीतों को सुनिए तो इसकी करुण- ध्वनि मोहती है। मानव के दुखड़ों को निवेदित करते गीत। क्रौंच पक्षी की करुणा ही तो वाल्मीकि रामायण लिखने को प्रेरित हुए। सुमित्रानंदन पंत लिखते हैं-‘ वियोगी होगा पहला कवि, आह से निकला होगा गान।’ बुद्ध महाकरुणा के ही तो सागर थे। बुद्ध को कोई कमी तो थी नहीं- पिता शुद्धोधन, माँ महामाया, पत्नी यशोधरा और पुत्र तो थे ही, साथ ही एक भरा पूरा राजपाट था। उसे त्याग कर ज्ञान और मुक्ति की तलाश में भटकते रहे। जब सब कुछ छोड़ रहे थे तो सिद्धार्थ थे। उनकी अपनी दुनिया थी। उस दुनिया की उनसे जुड़ी आकांक्षाएं थीं। जब यह ख़बर यशोधरा ने सुनी होगी कि सिद्धार्थ घर छोड़ कर चले गए तो कैसा लगा होगा? स्त्रियाँ अपने माता-पिता को छोड़कर दूसरे के घरों में रहने चली आती हैं और जब यह पता चलता है कि जिसके भरोसे वह आयी थी, वह कहीं और चला गया है! कितनी पीड़ा और कितना दुख- दर्द। तब भी सब कुछ सहन करती है। मैथिलीशरण गुप्त ने ‘ यशोधरा ‘ पर खंडकाव्य लिख कर उनकी पीड़ा को शब्द दिया है। यशोधरा विरह में शिकायत करती है-“ सखि, वे मुझसे कहकर जाते!/ कह, तो क्या मुझको वे अपनी पथ-बाधा ही पाते?/ मुझको बहुत उन्होंने माना, फिर भी क्या पूरा पहचाना?/ मैंने मुख्य उसी को जाना, जो वे मन में लाते।/ सखि, वे मुझसे कहकर जाते!”

सिद्धार्थ ने जाते हुए सूचित भी नहीं किया, जबकि यशोधरा ने उतना ही जाना, जितना सिद्धार्थ मन में लाते थे। डॉ राममनोहर लोहिया कहने को राजनेता थे, लेकिन उनके अंदर एक कवि बैठा था। वैशाली की नगरवधू आम्रपाली और बुद्ध के संवाद से भारत को पहचानना चाहते हैं । वे लिखते हैं कि दोनों के मिलन के बाद बुद्ध के मन में कौन सी भावनाएं आयी होंगी? यह कोई नहीं जानता। ये भावनाएं बुद्ध में ही तिरोहित हो गई, लेकिन बुद्ध वैशाली के कुलीन वर्ग का निमंत्रण ठुकरा कर नगरवधू आम्रपाली के घर रहे और वहां भोजन किया। फिर आम्रपाली को भिक्षु शिविर में शामिल कर नर- नारी समता का अद्भुत उदाहरण पेश किया। कुलीन समाज ने आम्रपाली को मनोरंजन का साधन बना दिया था, जिसे बुद्ध ने मानवीय गरिमा के साथ प्रतिष्ठित किया। लेकिन यह भी सच है कि बुद्ध बुद्ध इसलिए बने क्योंकि उनके पीछे यशोधरा जैसी स्त्री के त्याग और तपस्या थी। बुद्ध मुक्त होने और कामनाओं को जीतने के लिए ही घर से निकले थे। लेकिन क्या वस्तुतः वे मुक्त हो सके थे? ‘ लहरों के राजहंस ‘ की नायिका सुंदरी पूछती है- ‘ कामनाओं को जीतने की इच्छा क्या एक कामना नहीं है? ‘ उनकी नज़र में इच्छा- मुक्ति भी एक इच्छा ही है।

Leave a comment