Vimarsh News
Khabro Me Aage, Khabro k Pichhe

नयी सभ्यता की दहलीज़ पर

nayi-sabhyata-ki-dehleez-par
0 28

डॉ योगेन्द्र

नयी सभ्यता की दहलीज पर

ठंड उतरती चढ़ती रहती है। आज ठंड कम है। कल कद्दू- भात से छठ का आग़ाज़ हुआ। आज खरना है। कल पहला अरग और परसों दूसरा। दादी जब छठ करती थी , तब डलिया लेकर अहरे पर जाता था। बड़े आनंद के दिन होते थे। उस वक्त घाट पर न माइक का शोर होता था, न पटाखों का। बहुत हुआ तो बिड़िया पटाखा। आजकल की तुलना में ठंड ज्यादा रहती थी। परबैतनी जब पानी से निकलती थी तो वह ठंड से थर-थर काँपती रहती थी। उस वक्त घर से गोयठे पर आग ले जायी जाती थी । जैसे ही परबैतनी पानी से निकलती थी, आग जला दी जाती थी। अब ठंड लगभग ग़ायब है। गंगा के किनारे किनारे जितने भी गाँव- शहर हैं, उसमें इस वक्त ठंड ना के बराबर रहती है। ऋतु का चक्र टूटता नजर आता है। टूटते ऋतु चक्र का असर मानव समाज पर क्या होगा, वह तो आगे आने वाले दिनों में पता चलेगा, लेकिन औद्योगिक सभ्यता का असर साफ साफ दिखाई पड़ता है। प्रकृति दूर खिसक रही है और चेतना में कृत्रिम चीज़ें बैठती जा रही हैं। छठ के दिनों में धान खेतों में पक रहा होता था। धान के फूलों की ख़ुशबू फैली रहती थीं । ओस से भीगी उसकी बालियाँ हमें मोहती थीं। अगर बासमती धान के पौधे होते थे तो उसकी ख़ुशबू का, क्या कहने! दूस्सर, साठी, बासमती आदि के देहाती बीज ग़ायब हो गए और उसकी जगह संकर बीजों का प्राबल्य हो गया।

ज़्यादा उपज के चक्कर में खाद और कीटनाशक के अत्यधिक प्रयोग हुए। ज़मीन बंजर होती गई। ट्रैक्टर आ गया। बैल- गाय विस्थापित हो गए। एक पूरा चक्र खंडित हो गया। किसान के हाथ में कुछ नहीं बचा- न बीज, न बैल, न गाय। खेती करना महंगा होता गया। जो उपज होती है, उसकी क़ीमत भी सही सही नहीं मिलती। खेती पर पूंजी का प्रकोप बढ़ा। पूँजीपति का खेत से लेकर बाज़ार तक पर क़ब्ज़ा है। बीज , खाद और कीटनाशक महंगे होते गये। किसान जितना लगाता है, उतना ढंग से वापस नहीं आता। तब भी बिहार में किसान आत्महत्या नहीं कर रहे। यहां छोटी जोत वाले लोग ज्यादा हैं। महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा आदि प्रदेशों में लाभकारी खेती के नाम पर कपास, सोयाबीन आदि की खेती की गई। मौसम, बैंक और स्थानीय साहूकारों के क़र्ज़े और बाज़ार ने उसे निचोड़ दिया। वे आत्महत्या करने को विवश हुए। बिहार या झारखंड में इस तरह के प्रयोग हुए नहीं हैं, इसलिए आत्महत्या तक बात नहीं पहुँची है। खेती- किसानी के बारे में नयी सोच की ज़रूरत है। प्रकृति के साथ खेती, उसके ख़िलाफ़ नहीं । हम प्रकृति की हत्या कर जी नहीं सकते। यह जानते हुए भी हम ऐसे विकास की अवधारणा लागू कर रहे हैं, जो जल, धरती और जंगल को नष्ट कर रही है। नतीजा है कि आदमी के अंदर भी करूणा की जगह क्रोध है। बड़े बड़े पूँजीपति तो यह कह रहे हैं कि आने वाले दिनों में मनुष्य को श्रम करने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी । जब मनुष्य श्रम नहीं करेगा तो वह क्या करेगा? श्रमहीन जीवन की कल्पना कितनी ख़तरनाक लगती है।लगता है कि कृत्रिम मेधा और कृत्रिम रोबोट ही धरती पर राज करेगा। एक नयी सभ्यता होगी जिसमें मनुष्य की ज़रूरत ही नहीं रहेगी।

Leave a comment